{"_id":"15c54e3d718f196982ca81fd879a2d84","slug":"lk-advani-credits-president-for-withdrawal-of-ordinance-not-rahul-gandhi","type":"story","status":"publish","title_hn":"अब भाजपा ने खोले हाथ, आडवाणी का राहुल पर हमला","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
अब भाजपा ने खोले हाथ, आडवाणी का राहुल पर हमला
अमर उजाला, दिल्ली
Updated Fri, 04 Oct 2013 03:11 PM IST
विज्ञापन
भले ही दागी विधायकों और सांसदों को बचाने वाले विवादित अध्यादेश को मनमोहन सरकार ने वापस ले लिया हो, लेकिन विपक्ष का कांग्रेस पर करारा हमला जारी है।
विज्ञापन
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि अध्यादेश वापसी का श्रेय राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को जाना चाहिए, न कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को।
विज्ञापन
अपने नवीनतम ब्लॉग में आडवाणी ने अध्यादेश पर राहुल के बयान की तीखी आलोचना की।
आडवाणी ने कहा, 'राहुल द्वारा अध्यादेश को बकवास और उसे फाड़कर फेंकने के लिए कहना बिल्कुल गलत है। राहुल का यह बयान प्रधानमंत्री की अथॉरिटी पर चोट करने जैसा है।'
विज्ञापन
आडवाणी ने सवाल दागा कि राहुल ने अपने बयान में एक बार भी नहीं बताया, उन्हें अध्यादेश में क्या गलत लगता है।
आडवाणी के मुताबिक दागी विधायकों और सांसदों को बचाने वाले विवादित अध्यादेश का वापस होना देशवासियों की जीत है। इसने यूपीए सरकार के इस भ्रम को भी दूर कर दिया कि हर राष्ट्रपति रबर स्टांप होते हैं।
उन्होंने ब्लॉग में लिखा कि अध्यादेश वापस होने में भाजपा की भी अहम भूमिका रही। 26 सितंबर को भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात कर अध्यादेश को लेकर अपनी चिंता जताई थी। राष्ट्रपति ने भी उन्हें आश्वासन दिया था कि वे अध्यादेश पर उचित फैसला लेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, कानून मंत्री कपिल सिब्बल और संसदीय कार्यमंत्री कमलनाथ को राष्ट्रपति ने जब तलब किया तो तभी सरकार को लगने लगा था कि राष्ट्रपति अध्यादेश को अपनी मंजूरी नहीं देंगे।