मैगी वाले नेस्ले के मिल्क पाउडर में मिले जिंदा कीड़े
मैगी नूडल्स की मालिक नेस्ले की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। कंपनी का एक और उत्पाद सेहत कसौटी पर फेल हो गया है।
ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट की आरंभिक जांच में नेस्ले इंडिया के दुग्ध उत्पाद में भी हानिकारक तत्व पाए गए हैं। एजेंसी ने ये जांच दुग्ध उत्पाद में जीवित लार्वा पाए जाने की शिकायत के बाद की थी।
कोयंबतूर के एक उपभोक्ता ने नेस्ले की NAN PRO 3 मिल्क पाउडर में जीवित लार्वा मिलने की शिकायत की थी। उसने वह मिल्क पाउडर अपने जुड़वा बच्चों के लिए अप्रैल में खरीदा था। उसका कहना है कि नेस्ले का मिल्क पाउडर पीने के बाद उसके बच्चे के शरीर पर छाले उभर गए।
ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट ने शिकायत के बाद मिल्क पाउडर के नमूनों की जांच की और उनमें कीड़े होने की पुष्टि की। ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट ने मिल्क पाउडर को स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह बनाया।
दिल्ली में मैगी पर लगा 15 दिनों का प्रतिबंध
नेस्ले इंडिया के मिल्क पाउडर के देश भर से नमूने लिए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मिल्क पाउडर के नमूनों में कीड़े पाए गए हैं, और स्वास्थ्य मानकों पर भी ये उत्पाद सफल नहीं रहे।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का ये भी कहना है कि जांच के विस्तृत नतीजे आना बाकी हैं। मिल्क पाउडर में लार्वा पाए जाने पर नेस्ले इंडिया ने कहा है कि उन्हें जानकारी है कि उनके NAN PRO-3 में लार्वा पाए जाने की शिकायत किसी ग्राहक ने की है।
कंपनी कहना है कि उस ग्राहक ने या किसी अथॉरिटी ने इस बारे में उनसे संपर्क नहीं किया है। कंपनी का कहना है कि वह अपने सभी उत्पादों में खाद्य सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखती है।
जांच में फेल रहने के कारण दिल्ली सरकार ने मैगी पर 15 दिनों के लिए बैन लगा दिया है। दिल्ली में बिग बाजार और सरकारी स्टोर से मैगी हटा दी गई है।