अब 60 की उम्र में भी हो सकेगा बीमा
जब सब कुछ बदल रहा हो तो फिर भारतीय जीवन बीमा निगम क्योंकर पीछे रह सकता है। निगम ने उम्र का बैरियर तोड़ते हुए उन लोगों को फायदा पहुंचाने का रास्ता खोल दिया है, जो बढ़ती उम्र की वजह से बीमा नहीं कर सकते थे। एलआईसी की सीमित अवधि बंदोबस्ती योजना के तहत 60 साल से ज्यादा लोगों का भी बीमा कराया जाएगा।
न्यूनतम बीमा धन तीन लाख रुपये तक का हो सकता है। यह पहली बार है, जब 55 साल से ज्यादा उम्र वालों के लिए कोई योजना शुरू की गई है। भारतीय जीवन बीमा निगम की ‘सीमित अवधि बंदोबस्ती’ योजना के दायरे में 55 से 62 साल तक के बुजुर्ग आएंगे। इस योजना के तहत पालिसी की अवधि 12, 16 और 21 साल तय की गई है।
खास बात यह है कि इस योजना के तहत प्रीमियम का भुगतान आठ साल तक ही करना है। न्यूनतम बीमा धन तीन लाख रुपये का होगा और इसकी अधिकतम सीमा तय नहीं की गई है। बीमाधारक दस हजार रुपये के अतिरिक्त गुणक में जितनी रकम चाहें, बढ़ा सकते हैं। यही नहीं, इस योजना के तहत दुर्घटना के साथ ही अपंगता लाभ राईडर को भी शामिल किया गया है।
एलआईसी ने लांच की बंदोबस्ती योजना
मैच्योरिटी पूरी होने पर बोनस के साथ एफएबी के लाभ को भी जोड़ा गया है। इसके अलावा इस योजना के तहत दो साल तक प्रीमियम जमा करने के बाद लोग लोन भी हासिल कर सकते हैं। भारतीय जीवन बीमा निगम, मुरादाबाद के मुख्य प्रबंधक एसके आनंद के मुताबिक नौ दिसंबर से इस योजना को शुरू कर दिया गया है। लोग आवेदन भी करने लगे हैं।
भारतीय जीवन बीमा निगम की अभी तक जो भी योजनाएं हैं, 54 साल से ज्यादा उम्र के लोग इनका लाभ नहीं ले सकते। यानी 54 साल के बाद लोगों के लिए भारतीय जीवन बीमा निगम के दरवाजे बंद हो जाते थे, लेकिन इसकी शुरुआत के साथ ही 62 साल तक के लोग भी बीमा करा सकते हैं। भारतीय जीवन बीमा निगम के अधिकारी मानते हैं कि इस योजना से बुजुर्गों को काफी राहत मिलेगी। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए भी यह योजना कारगर साबित हो सकती है।