{"_id":"613ecb22-3536-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"lawsuit-against-visually-challenged-teenager-in-uttar-pradesh","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी में नेत्रहीन किशोरी पर उपद्रव का मुकदमा","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
यूपी में नेत्रहीन किशोरी पर उपद्रव का मुकदमा
बांदा/ब्यूरो
Updated Fri, 23 Nov 2012 11:54 AM IST
विज्ञापन
चित्रकूटधाम मंडल की पुलिस ने अंधेरगर्दी का एक और नमूना पेश किया है। पुलिस ने 15 वर्ष की नेत्रहीन किशोरी समेत आधा दर्जन महिलाओं को उपद्रव और घर में घुसकर मारपीट करने समेत 8 गंभीर धाराओं में मुलजिम बनाया है। इसी मामले में एक ऐसे युवक को जेल भेज दिया गया, जिसका एक गुर्दा निकाला जा चुका है। प्रभारी पुलिस उप महानिरीक्षक ने जांच और कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन
चित्रकूट जनपद के सीतापुर कस्बे की एक विधवा और दो महिलाएं बृहस्पतिवार को प्रभारी पुलिस उप महानिरीक्षक ज्ञानेश्वर तिवारी के सामने पेश हुईं। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को दोपहर में मामूली विवाद पर मारपीट हो गई थी। अपने रसूख के चलते पुलिस से मिलकर दबंगों ने नेत्रहीन किशोरी, मासूम बच्चों और महिलाओं समेत कुल 16 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। अभियुक्त बनाए गए लोगों में 10 वर्षीय ननकी पुत्री रोशन, 13 वर्षीय उमेश, 17 वर्षीय अब्बा व 17 वर्षीय विकलांग राजेश भी शामिल हैं।
विज्ञापन
विधवा सावित्री देवी सोनकर ने बताया कि उसकी 15 वर्षीय नेत्रहीन पुत्री शिमलवा और ससुराल में रह रही शादी-शुदा पुत्री विमला सहित उसे भी अभियुक्त बनाया गया है। वह बेसहारा है। पति की मौत हो चुकी है। मजदूरी करके बच्चों को पाल रही है।
विज्ञापन
नेनिया पत्नी मइयादीन सोनकर ने शिकायती पत्र में कहा कि उसके पुत्र नत्थी, अंचू, लवलेश और ठाकुर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। अंचू को पुलिस ने जेल भेज दिया है। वह गुर्दे की गंभीर बीमारी से पीड़ित है। एक गुर्दा निकाला जा चुका है।
वहीं, हीरा देवी ने अपनी अर्जी में बताया कि उसके पति, चचेरे जेठ ओमप्रकाश, देवर शंभू व राजेश को दबंगों ने पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पुलिस ने यह मुकदमा भुक्तभोगियों के स्वजातीय लोगों की शिकायत पर किया है।
निर्दोष लोगों को मिलेगा न्याय
नेत्रहीन किशोरी, मासूम बच्चों और महिलाओं पर गंभीर धाराओं के मुकदमे की सीतापुर चौकी प्रभारी दीपक कुमार पांडेय ने भी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोप लगाने वाली महिलाओं के परिवार ने प्रकाश सोनकर आदि के घर पर हमला कर दिया था, जबकि उस दिन घर में शादी का उत्सव था। तत्काल मौके पर पुलिस पहुंच गई वरना बड़ी घटना हो सकती थी।
उन्होंने बताया कि वादी की तहरीर में जो नाम शामिल थे, उन पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। निर्दोष लोगों को न्याय मिलेगा। इस मामले में जिसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, वह शरीर से मजबूत है।