चुनावी महासमर का अंतिम मुकाबला जारी , काशी पर टिकी निगाहें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव के 7 अप्रैल से चले आ रहे 35 दिन के चुनावी महासमर का सोमवार को नौवें और अंतिम चरण के मतदान के साथ ही अंत हो जाएगा। अंतिम चरण में 41 सीटों पर मतदान होना है, इनमें उत्तर प्रदेश की 18, पश्चिम बंगाल की 17 और बिहार की 6 सीटें शामिल हैं।
इसके साथ ही 16 मई को मतगणना और फिर नई सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी। अंतिम चरण में देश भर की निगाहें वाराणसी पर होगी, जहां भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा इस चरण में करीब 9 करोड़ मतदाता मुलायम सिंह यादव, अरविंद केजरीवाल, अधीर रंजन चौधरी, रघुवंश प्रसाद सिंह, सुदीप बंदोपाध्याय और प्रकाश झा सहित 606 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम मशीन में बंद कर देंगे।
आयोग ने अंतिम चरण के मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। बीते 8 चरण की तरह ही अंतिम चरण में भी बंपर वोटिंग की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि पिछले 8 चरणों में 66 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। अंतिम चरण के मतदान के लिए रविवार को ही चुनाव प्रचार खत्म हो गया था।
वाराणसी के महामुकाबले पर सबकी नजर
उत्तर प्रदेश में सबकी निगाहें वाराणसी पर टिकी हैं, जहां मोदी और केजरीवाल आमने सामने हैं। सपा प्रमुख मुलायम सिंह आजमगढ़ से, जगदंबिका पाल डुमरियागंज से, आरपीएन सिंह कुशीनगर से चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं।
यूपी में जिन 18 सीटों पर मतदान होना है, उनमें वर्तमान में सपा के पास 6, बसपा के पास 5, भाजपा के पास 4 और कांग्रेस के पास तीन सीटें हैं। बिहार की जिन छह सीटों पर मतदान होना है, उनमें वर्तमान में भाजपा-जदयू 2-2, राजद और निर्दलीय 1-1 सीट पर काबिज हैं।
इसी प्रकार पश्चिम बंगाल की जिन 17 सीटों पर मतदान होेना है, उनमें से फिलहाल तृणमूल 14, एसयूसीआई, कांग्रेस और माकपा 1-1 सीट पर पिछला चुनाव जीती थी।
मतदान का बन सकता है रिकॉर्ड
आम चुनाव में मतदान का कीर्तिमान ध्वस्त होगा या नहीं, यह जानने की भी लोगों में दिलचस्पी है। अब तक सर्वाधिक मतदान का रिकार्ड वर्ष 1984 का है। इस चुनाव में 66.27 फीसदी वोटिंग हुई थी। वर्ष 2009 के आम चुनाव में 57.94 फीसदी वोट पड़े थे।
वर्तमान आम चुनाव में 8 चरणों में अब तक करीब 66 फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया है। अंतिम चरण में बंपर वोटिंग हुई तो यह आम चुनाव मतदान का नया कीर्तिमान बना सकता है।