वीके सिंह के बयान पर बोले लालू, 'चुल्लू भर पानी में डूब जाए'
केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह के बयान पर राजद नेता लालू यादव ने निशाना साधा है। लालू यादव ने कहा कि ऐसा बयान देने वाले लोगों को चुल्लू भर पानी में डूब जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में दलितों और समाज के कमजोर वर्गों पर अत्याचार किया जा रहा है।
आपको बता दें जनरल वीके सिंह के बयान की चारों तरफ आलोचना हो रही है। विरोधियों के साथ-साथ पार्टी के अंदर भी उनके इस बयान की आलोचना हो रही है। जनरल वीके सिंह अपने विवादित बयानों को लेकर आए दिन सुर्खियों में छाए रहते हैं। हालांकि इस मसले पर सफाई देते हुए उन्होंने मीडिया और पत्रकारों को भी निशाने पर लिया है।
ये था वी के सिंह का बयान
बताते चले कि बीते दिनों हरियाणा में एक दलित परिवार पर हुए हमले और दो बच्चों की मौत पर केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने आपत्तिजनक बयान दिया था।
उन्होंने कहा था कि अगर कोई कुत्ते को ईंट मार दे तो इसके लिए सरकार को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है। उन्होंने इस मामले को मामूली और स्थानीय घटना भी करार दिया था जिस पर विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने माफी भी मांगी थी।