लालू ने की मोदी की नकल, 'ठीक से बोलो वरना नस फट जाएगा'
राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव की नकल करते तो आपने बहुत से लोगों को देखा होगा, लेकिन कभी लालू प्रसाद यादव को भी किसी की नकल करते देखा है।
बुधवार को लालू यादव ने एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री की, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोगों ने खूब ठहाके लगाए। दरअसल, लालू ने ये नकल मोदी पर हमले के इरादे से की।
इसी सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के विकास के लिए 1.25 लाख करोड़ रुपए देने की घोषणा की थी। इस घोषणा करने के अंदाज की ही लालू यादव ने नकल की।
'नस फट जाएगा'
मोदी की नकल करते हुए लालू ने मोदी के अंदाज में हुंकार भरी। जिस तरह से मोदी अपने बातें करते समय हाथों को हिलाते हैं और अपनी आवाज की पिच बढ़ाते और घटाते हैं, लालू यादव ने उसकी भी नकल की।
नकल करते समय एक वक्त ऐसा भी आया जब लालू ने मोदी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा- अरे मोदी जी ठीक से बोले, नहीं तो नस फट जाएगा। लालू यादव के ऐसा कहते ही सामने खड़ी भीड़ में हंसी के ठहाके लगने लगे।