बढ़ेंगी लमो की मुश्किलें, सीबीआई ने इंटरपोल को भेजे कागजात
सीबीआई ने पूर्व आईपीएल प्रमुख ललित मोदी के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी करने के लिए सभी जरूरी कागजात इंटरपोल को भेज दिए हैं।
नोटिस जारी होने के बाद दुनिया के लगभग सभी देशों के हवाई अड्डों और बंदरगाहों पर ललित मोदी के खिलाफ कार्रवाई का नोटिस चस्पा कर दिया जाएगा।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आग्रह पर मुंबई की विशेष अदालत ने मोदी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया था। इसी आधार पर ईडी ने सीबीआई से संपर्क किया ताकि मोदी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस निकाला जा सके।
बढ़ेगी घिरने की संभावना
इससे मोदी के घिरने की संभावना बढ़ जाएगी। गौरतलब है कि सीबीआई भारत में
इंटरपोल का प्रतिनिधित्व करती है। ईडी 2010 से लंदन में रह रहे ललित मोदी
के खिलाफ 16 मामलों में पीएमएलए और फेमा के तहत मनी लांड्रिंग और विदेश
मुद्रा उल्लंघन की जांच कर रही है।
ये सभी मामले आईपीएल से जुड़े हैं।
गौरतलब है कि ललित मोदी की कथित मदद करने को लेकर पूरा विपक्ष विदेश मंत्री
सुषमा स्वराज के इस्तीफे की मांग पर अड़ा रहा जिससे संसद का मानसून सत्र
नहीं चल सका।
विपक्ष मोदी और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया
और उनके बेटे के व्यावसायिक संबंधों को लेकर भी लगातार केंद्र सरकार पर
निशाना साध रहा है।
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई ने इंटरपोल को
कागजात भेजने से पहले उनकी कानूनी तौर पर पूरी पड़ताल की है। रेड कॉर्नर
नोटिस के आधार पर इंटरपोल का कोई भी सदस्य देश उनकी गिरफ्तारी कर उन्हें
भारत भेज सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, लेकिन यह इस बात पर निर्भर करता है
कि उस देश के कानून में मोदी पर लगे आरोप को कितना गंभीर माना जाता है।