'वरुण ने कहा था, आंटी से मिलकर सब कुछ ठीक करा देंगे'
आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी लंदन में बैठकर भारतीय राजनीति में जबरदस्त हलचल मचाए हुए हैं। पहले विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, फिर राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और इसके बाद प्रियंका व रॉबर्ट वाड्रा उनके ट्वीट बम का शिकार हो चुके हैं।
ये चारों अभी इस सियासी भंवर से निकल भी नहीं पाए थे कि एक और राजनेता ललित मोदी के निशाने पर आ गया है। ललित मोदी ने ट्वीट करके भाजपा के युवा नेता और यूपी के सुलतानपुर से सांसद वरुण गांधी पर एक अहम खुलासा किया है।
ललित मोदी के इस ट्वीट के बाद पहले ही सुषमा स्वराज और वसुंधरा राजे के बचाव में लगी भाजपा की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। साथ ही कांग्रेस को भाजपा को घेरने का एक और मौका मिल गया है।
क्या है वरुण गांधी पर ललित मोदी का खुलासा
ललित मोदी ने ट्वीट किया है, 'कुछ साल पहले वरुण गांधी मुझसे मिलने मेरे घर आए थे और उन्होंने कहा कि वो अपनी आंटी से मिलकर भारत में सबकुछ ठीक करा देंगे।'
मोदी ने इसके आगे लिखा है, 'हम दोनों ने एक आम दोस्त ने हमारी मुलाकात कराई थी। वरुण गांधी चाहते थे कि मैं उनकी आंटी की इटली में रहने वाली बहन से मिलूं।'
उन्होंने आगे लिखा है, 'हमें मिलाने वाले उस दोस्त ने कहा कि आंटी 60 मिलियन डॉलर लेंगी और सबकुछ ठीक करा देंगी। मुझे उम्मीद है कि वरुण इससे इंकार करेंगे।'
आखिर कौन हैं ये आंटी?
ललित मोदी ने आगे लिखा, 'वरुण कृपया सफाई दो कि क्या तुम मुझसे मिलने लंदन में मेरे घर नहीं आए थे। कुछ साल पहले क्या तुम लंदन के रिट्ज होटल में नहीं ठहरे थे?'
ललित मोदी यहीं नहीं रुके, उन्होंने इसके आगे लिखा, 'मैं यहां स्पष्ट कर दूं कि वो आंटी सोनिया गांधी हैं और सोनिया गांधी की बहन से मिलने के लिए ही मुझसे कहा गया था।'
मोदी ने लिखा, 'मिस्टर वरुण गांधी कृपया दुनिया को बताओ कि तुमने आंटी के बारे में क्या कहा था? और इस मुलाकात का गवाह हमारा एक बहुत अच्छा दोस्त और जाना-माना ज्योतिष है।'
वरुण ने नकारे सारे आरोप
वहीं, सूत्रों के मुताबिक ललित मोदी से सिर्फ एक बार मिलने की बात स्वीकारते हुए भाजपा सांसद वरुण गांधी ने सफाई दी है कि एक आम दोस्त के जरिए उनकी लंदन में ललित मोदी से मुलाकात हुई थी।
ललित मोदी के आरोपों को पूरी तरह नकारते हुए वरुण ने इस मामले पर कहा कि ये सभी तथ्यहीन आरोप हैं। ललित मोदी अनावश्यक रूप से लोगों के नाम लेकर ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
इन ट्वीट्स के बाद भाजपा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। वहीं सोनिया गांधी कि जिक्र छेड़कर ललित मोदी ने कांग्रेस को भी निशाने पर ले लिया है।