ललित मोदी के वकील बोले, 'बात दूर तक जाएगी'
विवादों में घिरे आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी के वकील महमूद आब्दी ने कहा है कि आईपीएल कोच्चि की फ्रेंचाइजी में पूर्व विदेश राज्यमंत्री शशि थरूर की पत्नी स्वर्गीय सुनंदा पुष्कर की हिस्सेदारी के खुलासे के बाद से उनके मुवक्किल को निशाना बनाया जा रहा है। इस विवाद पर लंदन में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए आब्दी ने मीडिया को पूरे मामले का दूसरा पक्ष जानने की नसीहत दी।
उन्होंने इस मामले में आक्रामक रुख अपना रहे कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर बात उठेगी तो बहुत दूर तक जाएगी। आब्दी ने साफ किया कि ललित मोदी पुर्तगाल अपनी पत्नी को देखने गए थे और इसके लिए उन्हें डॉक्टरों ने बुलाया था।
आब्दी ने कहा कि किसी भी कोर्ट ने मोदी को अभी तक दोषी नहीं ठहराया है और ब्रिटेन की सरकार ने उन्हें यहां रहने की इजाजत दी है। उन्होंने यह भी कहा कि ललित मोदी को भगोड़ा कहना गलत है।
रामगोपाल के बाद अब सुषमा को लालू का मिला साथ
आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी को मदद के सवाल पर घिरीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को अपनों का ही नहीं बल्कि परायों का भी समर्थन मिलने का सिलसिला जारी है। रविवार को सपा महासचिव रामगोपाल यादव खुलकर विदेश मंत्री के समर्थन में आए थे तो
सोमवार को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बारी थी। लालू ने हालांकि इस दौरान सुषमा को अपना पक्ष रखने का पूरा मौका दिए जाने की वकालत की, मगर लगे हाथ पार्टी के अंदर जारी खींचतान पर तंज करना भी नहीं भूले।
उन्होंने कहा कि यह भाजपा में अंदरूनी विवाद का नतीजा है। पीएम नरेंद्र मोदी सुषमा के कामकाज को पसंद नहीं करते। अपने विदेशी दौरों में भी उन्हें तवज्जो नहीं देते।
उल्लेखनीय है कि रविवार को रामगोपाल ने सुषमा का यह कह कर बचाव किया था कि ललित मोदी को मानवीय आधार पर मदद देकर उन्होंने कोई गुनाह नहीं किया। यही नहीं उन्होंने सुषमा का इस्तीफा मांगने वालों पर भी सीधा निशाना साधते हुए कहा कि इस्तीफा मांगना कुछ लोगों की आदत हो गई है।