'भारत-पाक दोस्ती बस', पार नहीं करेगी सरहद
भारत और पाकिस्तान के बीच लाहौर से दिल्ली के बीच चलने वाली बस सर्विस अब बॉर्डर क्रॉस नहीं करेगी। वाघा बॉर्डर पर ही अब इस बस को रोक दिया जाएगा।
बड़े आतंकी खतरे का हवाला देते हुए ये कदम उठाए जाने की बात कही जा रही है। ऐसा होने के बाद अब यात्रियों को पैदल ही वाघा बॉर्डर पार करना होगा। सीमा पार करने के बाद उन्हें दूसरी तरफ आगे जाने के लिए बस मिलेगी।
वाघा बॉर्डर पंजाब के अमृतसर जिले में आता है जबकि लाहौर शहर पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में आता है।
नवाज सरकार ने लिया फैसला
भारत और पाकिस्तान के बीच चलने वाली ये बस सेवा पाकिस्तान टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (पीटीडीसी) की ओर संचालित की जाती है।
पीटीडीसी के अधिकारियों के मुताबिक ये बस सर्विस वाघा सीमा तक ही होगी। अधिकारियों के मुताबिक इस नए कदम से यात्रियों को थोड़ी परेशानी जरूर होगी, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर ये कदम पाकिस्तान की ओर से लिया गया है।
पाकिस्तान की नवाज शरीफ सरकार ने सुरक्षा के मद्देनजर ये कदम उठाया है। पेशावर में बच्चों पर हुए आतंकी हमलों के बाद नवाज सरकार काफी सतर्क हो गई है।
बता दें कि दोनों देशों दोस्ती को मजबूती देने के लिए यह बस सर्विस मार्च 1999 से शुरू की गई थी।