जब कोतवाली में ही निकाह के लिए अड़ गई युवती
डिडौली कोतवाली में मंगलवार को एक युवती निकाह करने पर आमादा हो गई। सबके सामने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ गई। बाद में पुलिस ने डांटकर युवती को चुप किया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है।
सोमवार की रात करीब नौ बजे युवक प्रेमिका के घर पहुंच गया। आहट पर पड़ोसी जाग गए और उन्होंने युवक को पकड़ लिया। पहले तो उसकी जमकर धुनाई लगाई।
युवती के परिजन पहुंचे कोतवाली
इसमें युवक के सिर में भी चोट आ गई। सूचना पाकर पुलिस पहुंची और युवक को पकड़कर कोतवाली ले आई। इलाज के बाद उसे कोतवाली में ही बैठा लिया। सुबह होने पर युवती के परिजन और पड़ोसी कोतवाली पहुंचे।
वहां युवक पर कार्रवाई की मांग की गई। इस बीच युवती कोतवाली में ही प्रेमी से निकाह करने पर आमादा हो गई। परिजनों ने चुप कराने की कोशिश की, मगर युवती नहीं मानी।
मामले की जानकारी मिली थी। दोनों पक्ष कोतवाली आए थे। उनमें बाद में समझौता हो गया था और कार्रवाई से इनकार कर दिया था।
-हरप्रसाद सिंह, प्रभारी निरीक्षक डिडौली कोतवाली