फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   khurshid backs shinde on saffron terror

'हिंदू आतंकवाद' के बयान पर शिंदे के बचाव में खुर्शीद

Tue, 22 Jan 2013 08:25 PM IST
नई दिल्ली/ब्यूरो
नई दिल्ली/ब्यूरो Updated Tue, 22 Jan 2013 08:25 PM IST
विज्ञापन
khurshid backs shinde on saffron terror

केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे के हिंदू आतंकवाद संबंधी बयान पर घमासान तेज हो गया है। संसदीय कार्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह तथा मणिशंकर अय्यर के बाद अब विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद भी शिंदे के समर्थन में मैदान में कूद पड़े हैं।

विज्ञापन


दूसरी ओर, शिंदे के खिलाफ बृहस्पतिवार को देशव्यापी आंदोलन का ऐलान कर चुकी भाजपा ने यूपीए सरकार और कांग्रेस पर पलटवार किया है। भाजपा ने कहा है कि गृह मंत्री के बाद अब विदेश मंत्री के बयान वास्तव में आतंकवादियों की मदद कर रहे हैं। पार्टी का कहना है कि इन बयानों से आतंकवाद के खिलाफ  भारत की लड़ाई कमजोर पड़ गई है।
विज्ञापन


शिंदे के बयान से भाजपा पहले से नाराज है। अब खुर्शीद के बयान ने पार्टी को आग बबूला कर दिया है। खुर्शीद ने मंगलवार को कहा कि शिंदे ने तथ्यों के आधार पर यह बयान दिया है। इसके जवाब में भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यूपीए सरकार के दो मंत्रियों के बयानों से पार्टी परेशान व दुखी है, क्योंकि ये बयान किसी न किसी तरह आतंकियों की मदद कर रहे हैं। प्रसाद ने कहा कि इन बयानों पर पाकिस्तान में बैठे आतंकी और उनके आका खुशी मना रहे हैं। उन्होंने दोनों मंत्रियों के बयानों पर कांग्रेस अध्यक्ष से अपना पक्ष साफ करने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन


हालांकि कांग्रेस ने अब खुद को इस बयान ने अलग कर लिया है, लेकिन भाजपा शिंदे को माफ करने के मूड में नहीं है। शिंदे गृह मंत्री होने के साथ ही लोकसभा में सदन के नेता हैं। इसलिए साफ है कि अब यह मामला बजट सत्र में संसद को गरमाएगा।

भाजपा प्रवक्ता शहनवाज हुसैन ने शिंदे के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा है कि इस बयान के बाद आतंकी हाफिज सईद व पाकिस्तान के गृह मंत्री रहमान मलिक ने कहना शुरू कर दिया है कि भारत आतंकवाद के मामले में पाकिस्तान को बेवजह बदनाम करता है, जबकि आतंकियों को प्रशिक्षण भारत में ही दिया जाता है।

शहनवाज ने संघ की तरफदारी करते हुए कहा कि राष्ट्रभक्त संगठनों पर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। इस बयान से भारत के लोग दुखी हैं, जबकि आतंकी संगठन खुशी मना रहे हैं।

गृह सचिव भी उतरे समर्थन में
हिंदू आतंकवाद संबंधी गृह मंत्री के बयान के समर्थन में अफसरशाही भी उतर आई है। गृह सचिव आरके सिंह ने मंगलवार को कहा कि सरकार के पास आरएसएस से जुड़े कम से कम दस ऐसे व्यक्तियों के नाम मौजूद हैं, जो आतंकी वारदातों में शामिल रहे हैं।

इस सूची में मक्का मस्जिद, समझौता एक्सप्रेस और अजमेर के दरगाह शरीफ में हुए धमाकों में शामिल लोग के नाम हैं। सिंह ने साफ तौर पर कहा कि सरकार के पास सिर्फ इन लोगों के नाम ही नहीं, बल्कि आरोपों को साबित करने के लिए ठोस सुबूत भी मौजूद हैं।

बिना शर्त माफी मांगे शिंदे: संघ
केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे के हिंदू आतंकवाद संबंधी बयान को अपमानजनक करार देते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने उनसे माफी मांगने की मांग की है। संघ के प्रचार प्रमुख मनमोहन वैद्या ने मंगलवार को कहा कि शिंदे को इस गैरजिम्मेदराना बयान के लिए बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। उनका बयान बहुत ही अपमानजनक है। साथ ही वैद्या ने कहा कि आतंकवाद का कोई रंग नहीं होता और इसे हिंदुओं से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।

शिंदे का बयान गलत: एनसीपी
यूपीए के प्रमुख घटक दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने भी हिंदू आतंकवाद पर गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे के बयान को गलत करार दिया है। पार्टी महासचिव डीपी त्रिपाठी ने मंगलवार को कहा कि इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल करना सिर्फ गलत ही नहीं, बल्कि अनुचित भी है।


उन्होंने कहा कि एनसीपी का मानना है कि सरकार के किसी भी मंत्री को इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्हें आतंकवाद को किसी भी धर्म अथवा समुदाय से जोड़ने से बचना चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed