खबर एक्सप्रेस, 10 मिनट में पढ़िए दिनभर की बड़ी सुर्खियां
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर लिखी एक कविता को लेकर सोमवार को इलाहाबाद स्थित आईईआरटी संस्थान में गोलियां तड़तड़ाईं।
संस्थान के प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए कविता लिखे जाने से नाराज बीटेक तृतीय वर्ष के छात्रों ने एक छात्र को कट्टे के बट से पीटकर जख्मी कर दिया और गोलियां चलाईं।
घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने घायल छात्र की तहरीर पर नौ के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा लिख लिया है। दो को नामजद किया गया है।
दो भाई मोदी पर पड़ रहे भारी
लोकसभा चुनावों में 272 सीटों के जादुई आंकड़े तक पहुंचने की कोशिश कर रही भाजपा और उसके पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते।
जाहिर है, इसके लिए कुछ नए दोस्त बनाने पड़ रहे हैं और इसी सिलसिले में कुछ पुराने दोस्त या अपनी ही पार्टी के नेता खफा भी हो रहे हैं। लोक जनशक्ति पार्टी सुप्रीमो रामविलास पासवान को अपने पाले में करने में कामयाब रही भाजपा को अब पार्टी की बिहार इकाई के कुछ नेताओं को मनाने के लिए पसीना बहाना पड़ रहा है।
बिहार से शुरू हुई यह टेंशन अब महाराष्ट्र तक जा पहुंची हैं। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी ने लोकसभा चुनावों के सिलसिले में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के बॉस राज ठाकरे से मुलाकात की और नया बवाल मच गया।
अफरीदी-मियादांद का भूत पड़ा पीछे
ढाका में रविवार को खेला गया एशिया कप का हाई-वोल्टेज मुकाबला अंतिम ओवर में शाहिद अफरीदी के लगाए लगातार दो छक्कों के साथ खत्म हो गया। इस मैच में पाकिस्तान ने दो गेंद शेष रहते भारत को एक विकेट से हरा दिया।
भले ही टीम इंडिया यह मैच हार गई हो लेकिन अफरीदी के छक्कों ने मैच का अंत जिस रोमांचक अंदाज में खत्म किया उसने आज से 28 साल पहले जावेद मियांदाद के उस ऐतिहासिक छक्के की याद दिला दी।
लेकिन आपको यह जानकर सुखद आश्चर्य होगा कि भारत और पाकिस्तान के बीच इन दोनों यादगार मैचों में छक्के के साथ जीत हासिल करने के अलावा 11 दिलचस्प समानता भी देखने को मिली।
राजनाथ सिंह को खेल, मोदी देखते रह जाएंगे!
भाजपा एक बार फिर अतीत को दोहराती दिख रही है। पहले की तरह लोकसभा चुनाव की गूंज के साथ पार्टी के भीतर अटल की विरासत का झगड़ा सतह पर दिखने लगा है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने रविवार को यहां महारैली में जो कुछ जिन शब्दों और जिस शैली में कहा, उससे इस बात के संकेत साफ हो गए कि उनकी नजरें कहां टिकी हैं।
भले ही नरेंद्र मोदी भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार घोषित हो चुके हों, लेकिन राजनाथ ने अभी हार नहीं मानी है।
भाजपा के संकट मोचक माने जाने वाले राजनाथ अपनी राह के कांटों को निकालने की योजना में लग गए हैं।
11 मार्च तक हिरासत में रहेंगे सुब्रत रॉय
अवमानना के नोटिस पर मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंचे सुब्रत रॉय ने कहा कि मैं आपसे हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं। मुझे छोड़ दीजिए, मैं आपको वचन देता हूं कि आपके हर आदेश का मैं पालन करूंगा।
सहारा ने कहा कि हम निवेशकों का पैसा चुकाने के लिए अपनी संपति को बेच देंगे लेकिन आपके आदेश के हिसाब से उनका पैसा उन्हें दे देंगे।
इसके बाद कोर्ट ने कहा कि इस समय के लिए आप जिम्मेदार हैं। आपने कोर्ट यह करने के लिए बाध्य कर दिया था। कोर्ट ने सवालिया लहजे में सहारा से पूछा, क्या आप पहले वाकई गंभीर थे? अगर आप होते, तो यह समय आपको देखना ना पड़ता।
LIC में निकली जॉब, तुरंत कीजिए एप्लाई
एलआईसी फाइनेंस लिमिटेड ने देश भर के अपने विभिन्न कार्यालयों में भारतीय नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों के लिए अखिल भारतीय स्तर पर एक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
हड़ताल के चलते मरने लगे मरीज
सूबे के कई मेडिकल कॉलेजों में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल जानलेवा होती जा रही है। इलाज के अभाव में पिछले तीन दिनों में 34 मरीजों की मौत हो चुकी है। 14 मौतें तो अकेले सोमवार को हुईं।
लखनऊ के केजीएमयू में सोमवार को 11 मरीज समेत 13 और कानपुर के अब तक 19 मरीजों की मौत हो चुकी है। ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में पहुंचे कई मरीजों ने गेट के सामने ही दम तोड़ दिया लेकिन जूनियर डॉक्टर नहीं पसीजे।
वे आपस में मुस्कुराते रहे। गौरतलब है कि कानपुर में सपा नेता और जूनियर डॉक्टरों की मारपीट के विरोध में केजीएमयू और ट्रॉमा सेंटर में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भी मंगलवार को हड़ताल की वजह से लोग परेशान हुए।
ये क्या हुआ, क्यों पड़ी फूट?
लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) से गठबंधन के बाद बिहार में आयोजित पहली रैली में भाजपा की फूट सामने आ गई। भाजपा का रामविलास पासवान से हाथ मिलाना बिहार के स्थानीय दिग्गज नेताओं को रास नहीं आया।
राजग में लोजपा को शामिल करते समय उनकी अनदेखी की गई।
इससे नाराज नेताओं वे दिग्गज भी शामिल हैं जो कि मोदी के कट्टर समर्थक माने जाते हैं। इसी का नतीजा रहा कि सोमवार को मुजफ्फपुर में आयोजित ‘हुंकार रैली’ से इन नेताओं ने दूरी बना ली।
रैली में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और पासवान, दोनों ने नीतीश कुमार पर हमला बोला।
सामने आया तेदुंआ तो बेहोश गया किसान
मेरठ में तेंदुए का कहर कम नहीं हो रहा है। सोमवार को पूठी गांव के जंगल में काम रहा किसान कुछ ही दूरी पर स्थित ट्यूबवेल पर तेंदुआ देखकर बेहोश हो गया।
इससे पहले निकली उसकी चीख सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग दौड़े, लेकिन तेंदुआ ईख के खेत में घुसकर गुम हो गया। ग्रामीणों ने उसकी तलाश भी की, लेकिन वह नहीं मिला।
मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों की टीम को पदचिह्नों की जांच कर तेंदुआ होने की पुष्टि की।
प्यार की कीमत 22 लाख रुपए
इंदौर के एक प्रोफेसर का अपनी छात्रा के साथ प्रेम प्रसंग शुरू हुआ और उससे शारीरिक संबंध भी बनाए। उसने शादी करने का भी वादा किया। बाद में यह कहते हुए मुकर गया कि उसके परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हैं।
16 साल की प्रेम कहानी समाप्त होने के बाद अदालत ने इंदौर के प्रमुख कॉलेज के इस चिकित्सक को कठघरे में अब खड़ा किया है।
इस सप्ताह बैंगलोर हाई कोर्ट ने प्रोफेसर को निर्देश दिया कि वो महिला को 22 लाख रुपये का मुआवजा दें।