केरल के मंत्री ने मांगी पांच करोड़ की रिश्वत
केरल के मुख्यमंत्री ओम्मन चांडी ने वित्तमंत्री केएम मणि का बचाव किया है। शुक्रवार को राज्य के बार मालिकों ने बार लाइसेंस रिन्यू करने एवज में वित्तमंत्री केएम मणि पर पांच करोड़ रुपए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था।
बार मालिकों के प्रतिनिधि बीजू रमेश ने कहा था कि केएम मणि ने बार लाइसेंस रिन्यू करने के लिए पांच करोड़ मांगे थे और उन्हें एक करोड़ रुपए अदा भी कर दिए गए। हालांकि मुख्यमंत्री ओम्मन चांडी ने केएम मणि पर लगे आरोपों को बेबुनियाद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
उन्होंने मामले में जांच के आदेश देने से भी इनकार कर दिया, जबकि केएम मणि कहा कि वे किसी भी प्रकार की जांच के लिए तैयार हैं।
हाईकोर्ट ने बार बंद करने का आदेश दिया
बार होटल मालिकों के प्रतिनिधि बीजू रमेश ने बताया कि केरल कांग्रेस (एम) के अध्यक्ष और राज्य के वित्तमंत्री केएम मणि ने बार लाइसेंसों को रिन्यू करने के एवज में पांच करोड़ रुपए की रिश्वत मांगी थी। उन्हें दो किस्तों में एक करोड़ रुपए दे भी दिए गए। हालांकि शेष राशि उन्हें नहीं दी गई क्योंकि हाईकोर्ट के आदेश के बाद बारों का बंद होना तय था। उन्हें बची हुई रकम देने का मतलब नहीं रह गया था।
रमेश ने बताया कि वे मणि के साथ हुई बातचीत के रिर्काड पेश कर सकते हैं। उन्हेंने कहा कि जरूरत पड़ी तो वे इसे जांच एजेंसी को भी सौंपेगे।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को केरल हाईकोर्ट ने फाइव स्टार, फोर स्टार और हेरिटेज होटलों के बारों को छोड़़ सभी बार को बंद करने के आदेश को जारी रखने को कहा था।