{"_id":"c7daa334-1acd-11e2-8947-d4ae52bc57c2","slug":"kejriwal-supporter-not-will-be-in-team-anna","type":"story","status":"publish","title_hn":"टीम अन्ना में नहीं होंगे केजरीवाल समर्थक","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
टीम अन्ना में नहीं होंगे केजरीवाल समर्थक
नई दिल्ली/एजेंसी
Updated Sat, 20 Oct 2012 09:19 PM IST
विज्ञापन
भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चलाने के लिए अपनी नई टीम बनाने जा रहे समाजसेवी अन्ना हजारे ने शनिवार को कहा कि उनकी नई टीम में उनके पूर्व सहयोगी अरविंद केजरीवाल के समर्थकों के लिए कोई जगह नहीं होगी। उधर, पूर्व आईपीएस अधिकारी और पुरानी टीम अन्ना की सदस्य किरण बेदी ने कहा है कि अन्ना 24 और 25 नवंबर को रालेगण सिद्धि में अपनी नई कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान पूर्व आर्मी चीफ जनरल वीके सिंह जैसे प्रख्यात लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।
विज्ञापन
राजनीतिक हस्तियों पर केजरीवाल के हमलों से नाखुश दिख रहे अन्ना हजारे ने अरविंद को सलाह दी कि उनके लिए यही अच्छा होगा कि वह एक समय में एक ही मुद्दा उठाएं और उस पर आगे बढ़ें। अन्ना ने कहा कि हर सप्ताह एक राजनेता के भ्रष्टाचार का खुलासा या उस पर हमला करने से अच्छा है कि केजरीवाल किसी एक मुद्दे को उठाएं और उसको समाधान की ओर ले जाएं। उन्होंने कहा कि लगातार कई मुद्दों को उठाने से किसी एक पर ध्यान केंद्रित करना संभव नहीं होगा और इसका कोई फायदा नहीं होगा।
विज्ञापन
उधर, किरण बेदी ने शनिवार को कहा कि अन्ना अपनी नई कोर कमेटी में ऐसे लोगों को रखना चाहते हैं जो स्वभाव से पक्षपाती न हों और सुधार के लिए पूरी लगन से काम कर सकें। जनरल सिंह के अलावा अन्ना की नई टीम का हिस्सा बनने के लिए जिन लोगों से संपर्क साधा जाएगा, उनमें पीवी राजगोपाल, राजेंद्र सिंह, पूर्व आईपीएस अधिकारी प्रकाश सिंह और मीडिया जगत से जुड़े मिनहास मर्चेंट तथा पूर्व नौकरशाह भूरे लाल शामिल हैं।
विज्ञापन
पुरानी टीम अन्ना के सदस्य जस्टिस संतोष हेगड़े और कृषि विशेषज्ञ देवेंद्र शर्मा से भी संपर्क साधा जाएगा। बेदी ने बताया कि इन सभी लोगों से अन्ना खुद संपर्क करेंगे और अगर वे सहमत होते हैं तो उन्हें 24 और 25 नवंबर की बैठक के लिए आमंत्रित किया जाएगा।