केजरीवाल पर हमला, AAP भाजपा समर्थकों में झड़प
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली और लखनऊ में आप और भाजपा समर्थकों के बीच मारपीट के बाद गुजरात के आरोही में आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की कार पर हमला हुआ। भाजपा समर्थकों ने केजरीवाल को काले झंडे दिखाए और उनकी कार के शीशे तोड़ दिए।
केजरीवाल की कार पर हमले के दौरान आप और बीजेपी समर्थकों के बीच झड़प भी हुई। केजरीवाल वहां से सुरक्षित निकल गए। उनका कहना है कि मोदी उनके गुजरात दौरे से घबड़ा गए हैं। केजरीवाल ने आप कार्यकर्ताओं से अहिंसक रहने की अपील की।
केजरीवाल गुजरात के चार दिन के दौरे पर हैं। केजरीवाल की कार पर हुए हमले की तस्वीर ट्विटर पर जारी की गई। इसमें केजरीवाल कार के अंदर बैठे दिखे और कार का शीशा टूटा हुआ है।
दिल्ली की सियासत बनी अखाड़ा
गुजरात में अरविंद केजरीवाल को हिरासत में लेने की घटना ने शाम होते-होते पूरी तरह सियासी रंग ले लिया। आम आदमी पार्टी ने इस घटना का विरोध करते हुए दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
शुरुआत में प्रदर्शन में नारे लग रहे थे, लेकिन कुछ ही देर में भाजपा और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प शुरू हो गई और देखते ही देखते यह झड़प मैदान-ए-जंग में बदल गई।
दोनों तरफ से पत्थरबाजी हुई, मार-पिटाई हुई और कुछ लोगों के जख्मी होने की खबर भी है। दोनों पक्ष हिंसक होने का इल्जाम एक-दूसरे के सिर मढ़ते रहे। और इसके बाद शुरू हो गया आरोप-प्रत्यारोप का दौर।
आशुतोष-शाजिया पर भाजपा का इल्जाम
भाजपा का कहना है कि आम आदमी पार्टी के नेता आशुतोष और शाजिया इल्मी ने लोगों को दंगा भड़काने के लिए उकसाया। पार्टी का कहना है कि वह इन दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएगी।
दूसरी तरफ आशुतोष का कहना है कि वे लोग शांतिपूर्वक तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिंसा शुरू की। उन्होंने कहा, "मैं भाजपा के शीर्षतम नेताओं को चुनौती देता हूं कि मेरे खिलाफ चाहें जितने मुकदमे कर लें।"
झड़प के बीच भाजपा नेता नलिन कोहली भी नजर आए। उन्होंने कहा, "आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हम पर हमला किया और बाहर से पत्थर फेंके। जिंदगी में पहली बार मुझे लाठी उठाकर लड़ाई रोकने के लिए बीच में आना पड़ा।"
वहीं, इस पूरे मामले पर चुनाव आयोग ने दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है।
लखनऊ में भी जमकर मारपीट!
दिल्ली में हुई झड़प के बाद लखनऊ में भी आम आदमी पार्टी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट की खबर है। भाजपा के लखनऊ दफ्तर के बाहर आप के कार्यकर्ता प्रदर्शन करने पहुंचे थे।
इस प्रदर्शन के दौरान आप के बड़े नेता आनंद कुमार भी मौजूद थे। पुलिस ने झड़प के बाद आनंद कुमार को सुरक्षित जगह पहुंचाया।
इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में मारपीट होने की खबर है।
आचार संहिता उल्लंघन का मामला
इससे पहले नरेंद्र मोदी को चुनौती देने उनके गढ़ पहुंचे अरविंद केजरीवाल को गुजरात पुलिस ने हिरासत में ले लिया। गुजरात के चार दिन के दौरे पर निकले अरविंद केजरीवाल को चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में राधनपुर में पुलिस ने हिरासत में लिया।
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल बुधवार को चार दिनों के लिए गुजरात पहुंचे। उत्तर गुजरात के पाटन के राधनपुर में उनका काफिला रोका गया। उन पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाकर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।
केजरीवाल को हिरासत से छुड़ाने के लिए उनके समर्थक थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। थोड़ी देर बाद उनको पुलिस ने रिहा कर दिया।
केजरीवाल ने मांगा लिखित जवाब
केजरीवाल ने खुद को हिरासत में लिए जाने पर आपत्ति जताई है। पुलिस ने आरोप लगाया है कि वे बिना इजाजत रोड शो कर रहे थे।
इसलिए उन्होंने इजाजत न लेकर आचार संहिता का उल्लंघन किया है। पुलिस के इस आरोप पर केजरीवाल ने लिखित में जवाब मांगा है।
इससे पहले केजरीवाल को अहमदाबाद और दूसरे जगहों पर भी काले झंडे दिखाए गए।
केजरी ने साधा मोदी पर निशाना
क़ुछ देर बाद केजरीवाल को रिहा कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि चुनाव आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है, ऐसे में दौरे को लेकर जानकारी न देने को लेकर उन्हें धारा 168 के तहत हिरासत में लिया गया था। ऐसा भी बताया जा रहा है कि केजरीवाल ने इसे निजी दौरा बताया। पुलिस ने आचार संहिता की जानकारी दी और कहा कि रोड शो में वह पार्टी का झंडा या स्टिकर नहीं लगा सकते।
दूसरी तरफ दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री का कहना था कि वह किसानों की समस्याओं को उजागर कर रहे थे, जिसे मुख्यमंत्री और भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी छिपाने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए यह सब हुआ।
केजरीवाल ने कहा कि उन्हें रोकने के लिए साजिश रची गई थी, क्योंकि वह गुजरात में विकास के दावों की पोल खोलने निकले हैं। उन्होंने दावा किया कि रोड शो रोकने और हिरासत में लेने का आदेश शीर्ष स्तर से आया है।
पुलिस ने कहा, हिरासत में नहीं लिया
हालांकि, पुलिस का कहना है कि अरविंद केजरीवाल को हिरासत में नहीं लिया गया था। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के आने से ट्रैफिक जाम लग रहा था, इसलिए उन्हें यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए थाने लाया गया। पुलिस के मुताबिक थाने में आधे घंटे बैठाने के बाद उन्हें जाने दिया गया।
इससे पहले आम आदमी पार्टी के नेता का चार दिवसीय गुजरात दौरा शुरू होते ही सुर्खियों में आ गया। केजरीवाल ने एक सरकारी अस्पताल का दौरा किया और वहां इंतजाम की खामियों को रेखांकित किया।
उत्तर प्रदेश के बाद केजरीवाल और उनकी पार्टी अब गुजरात पर फोकस कर रही है और उनके निशाने पर हैं नरेंद्र मोदी। केजरीवाल के मुताबिक मोदी के गुजरात में इतना विकास नहीं हुआ, जितना दिखाया जाता है।