गुजरात के बहाने केजरी का मीडिया पर फिर वार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मीडिया के खिलाफ बयान देकर चौतरफा आलोचना से घिरे अरविंद केजरीवाल ने अपने सुर नरम नहीं किए हैं। उन्होंने एक बार फिर मीडिया को ललकारा है और कहा है कि क्या इसमें नरेंद्र मोदी के गुजरात की असलियत बयान करने की हिम्मत है।
बंगलुरू में रोड शो शुरू करने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मीडिया लोगों के सामने गुजरात की असलियत नहीं ला रहा है।
केजरीवाल ने कहा कि क्या मीडिया में इतना साहस है कि वह देश के लोगों को गुजरात की सच्ची कहानी दिखा सके। इस पर बड़ा सवालिया निशान लगा है।
लगातार हमला बोल रहे केजरी
पिछले दिनों अरविंद केजरीवाल की ओर से आलोचना किए जाने के बाद मीडिया और राजनीतिक पार्टियां भड़क उठी थीं। केजरीवाल ने कहा था कि पूरा मीडिया बिका हुआ है। उन्होंने मीडिया में ग़ड़बड़ी करने वाले लोगों को जेल भेजने की धमकी दी थी।
बंगलुरू के दो दिन के दौरे में केजरीवाल पार्टी के लिए फंड भी जुटाएंगे। आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल के साथ रात्रि भोज करने वालों से 20,000 रुपये वसूल रही है।
किसानों के बहाने निशाने पर मोदी
केजरीवाल अपनी रैलियों में भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर लोगों के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगा रहे हैं।
बकौल केजरीवाल गुजरात के लोग कह रहे हैं कि मोदी ने उनके साथ धोखा किया है। लेकिन मीडिया ने अब तक लोगों को सामने यह सच्चाई नहीं रखी है।
इन आरोपों के समर्थन में तर्क मांगे जाने पर केजरीवाल ने कहा गुजरात में किसानों की हालत बहुत खराब है। उनकी जमीनें छीन ली गई हैं। यह कहा जा रहा है कि मोदी किसानों के रक्षक हैं। लेकिन ऐसा नहीं है। देश के किसानों से झूठ कहा जा रहा है।
अगर देश के किसानों को असलियत का पता चल जाएगा तो वह मोदी को वोट नहीं देंगे।