कौन बनेगा करोड़पति में नाचे रमन सिंह के अफसर, नोटिस जारी
वे छत्तीसगढ़ के दो सबसे मजबूत नौकरशाह हैं- एक एडीशनल चीफ सेक्रेटरी और दूसरा ज्वाइंट सेक्रेटरी। ये दोनों ही मुख्यमंत्री रमन सिंह के साथ सबसे लंबे वक्त तक काम करने वाले अधिकारी हैं।
लेकिन बात जब अमिताब बच्चन की हो तो ये अधिकारी भी उत्साहित हुए बिना नहीं रह सके। दिन था 28 सितंबर और मौका था रायपुर शहर में होने वाले कौन बनेगा करोड़पति शो की रिकॉर्डिंग का।
दोनों अधिकारी अपनी पत्नियों के साथ वीआईपी पास पर शो की रिकॉर्डिंग देखने पहुंचे थे। शो के दौरान दोनों अधिकारियों का स्टेज पर जाना हुआ और इस दौरान दोनों ने अमिताभ बच्चन के साथ डांस भी किया। दोनों अधिकारियों ने 'मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम है' गाने पर डांस किया।
लेकिन इसके बाद दोनों अधिकारियों को मुख्यमंत्री के आदेश पर उनके व्यवहार के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
रमन सिंह से हुई शिकायत
इंडियन एक्प्रेस में छपी खबर के अनुसार 28 सितंबर को हुई इस रिकॉर्डिंग का प्रसारण आने वाले वक्त में होना है। खबर के अनुसार कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री रमन सिंह से उनके अफसरों के ऐसे व्यवहार को लेकर शिकायत की थी।
एक अधिकारी के मुताबिक, 'यह मुद्दा नाचने को लेकर नहीं है। बात यह है कि हमें इस बात का ध्यान रखना होगा कि हमें सार्वजिनक तौर पर किस तरह का व्यवहार करना है। शिष्टाचार कायम रखने के बजाए अफसर स्टेज पर कूद रहे थे।'
नोटिस के बारे में पूछने पर एडीशनल चीफ सेक्रेटरी एक के राउत ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसके अलावा ज्वाइंट सेक्रेटरी सिसोदिया ने कहा कि मैं इस बात से इंकार नहीं करता हूं कि हमने डांस किया लेकिन मुझे नोटिस के बारे में कोई जानकारी नहीं है।