{"_id":"1f587b4e050b389bc6f335b0f66d0baf","slug":"kalyan-singh-angry-due-to-working-process-of-universities-of-rajasthan-hindi-news-sy","type":"story","status":"publish","title_hn":"विश्वविद्यालयों में उदासीनता से नाराज राज्यपाल","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
विश्वविद्यालयों में उदासीनता से नाराज राज्यपाल
ब्यूरो/अमर उजाला, जयपुर
Updated Tue, 31 Mar 2015 07:10 PM IST
विज्ञापन
राज्यपाल कल्याण सिंह ने राजस्थान के विभिन्न विश्वविद्यालयों में तय कार्यों को लेकर हो रही उदासीनता पर नाराजगी जताई। उन्होंंने राजकीय विश्वविद्यालयों में कई वर्षों से बड़ी संख्या में डिग्रियां नहीं बनने, मेडल्स बकाया रहने तथा दीक्षान्त समारोह नियमित रूप से आयोजित नहीं किए जाने को गंभीरता से लिया। राज्यपाल ने इन मामलों को लेकर नियमित सुनवाई के लिए मंगलवार को राज्यपाल सचिवालय स्तर पर छह सदस्यीय कमेटी का गठन किया।
विज्ञापन
राज्यपाल द्वारा गठित यह कमेटी विश्वविद्यालयों द्वारा नियमित रूप से दीक्षांत समारोह आयोजित करने, डिग्री व मेडल्स वितरण करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर निरन्तर सुनवाई करेगी। यह कमेटी राज्य के राजकीय विश्वविद्यालयों के वर्षवार बकाया डिग्रियों व मेडल्स की सूचना प्राप्त कर उनके शीघ्र निस्तारण के लिए समयबद्घ कार्य योजना की पाक्षिक समीक्षा करेगी। यह कमेटी अपेक्षित प्रगति प्राप्त ना होने की स्थिति में समस्याओं को दूर करने के सुझाव देगी तथा अनेक प्रयासों के बाद भी विश्वविद्यालय के स्तर पर उदासीनता नजर आती है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्यवाही की सिफारिश करेगी।
विज्ञापन
कमेटी के अध्यक्ष राज्यपाल के प्रमुख सचिव गिरीराज सिंह होंगे। राज्यपाल के विशेष कार्य अधिकारी अजय शंकर पाण्डेय, राज्यपाल के विशिष्ठ सचिव, परिसहाय व विशिष्ठ सहायक कमेटी के सदस्य तथा विशेषाधिकारी (उच्च शिक्षा) सदस्य सचिव होंगे।
विज्ञापन