संसद के खाने से बीमार हुए जया-रामगोपाल
देश की सबसे बड़ी पंचायत संसद में भी बासी खाना मिलता है। बासी ही नहीं बल्कि ऐसा खराब खाना कि सांसदों की तबीयत खराब हो गई।
राज्यसभा में कई सदस्यों ने आरोप लगाया कि संसद की कैंटीन का खाना खाने से उनकी तबीयत खराब हो गई। इसमें सपा सांसद रामगोपाल यादव और जया बच्चन शामिल हैं।
रामगोपल को तो चार दिन अस्पताल में भी रहना पड़ा। जदयू सांसद केसी त्यागी ने यह मसला उठाया। सरकार ने कैंटीन के अधिकारियों से बात कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।
केसी त्यागी ने कहा कि पिछले दिनों संसद की कैंटीन का खाना खाकर रामगोपाल की तबीयत चार दिनों तक खराब रही। उन्हें अस्पताल में इलाज कराना पड़ा।
4-5 साल से मिल रहा है बासी खाना: जया
जया बच्चन भी इसी खाने को खाकर अस्वस्थ हो गईं। जया ने भी कहा कि इस मुद्दे पर वह चर्चा नहीं करना चाहती थीं लेकिन उन्हें पिछले दिनों संसद की कैंटीन का भोजन करने के बाद बहुत तकलीफ हुई।
सदन के सदस्यों को पिछले दिनों देर रात तक बैठना पड़ा था और इस दौरान उन्होंने कैंटीन से खाना खाया। जया ने कहा कि इस तरह का बासी खाना पिछले चार पांच साल से संसद की कैंटीन में दिया जा रहा है।
राजीव शुक्ला ने कहा कि सुबह छह बजे ही खाना पैक होकर संसद पहुंचा दिया जाता है। अगर रसोई की व्यवस्था संसद में कर दी जाए तो ताजा खाना मिल सकेगा।
इस मामले में उप सभापति पीजे कूरियन ने सदन में मौजूद संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू को निर्देश दिया कि वह इस मुद्दे को देखें। नायडू ने सदन को भरोसा दिया कि उन्होंने त्यागी की बात को संज्ञान में लिया है और वह कैंटीन के अधिकारियों को बुलाकर इस मुद्दे पर बातचीत करेंगे और समाधान निकालेंगे।