फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   jat reservation agitation create high alert in uttar pradesh

जाट आंदोलन: यूपी में करेंगे चक्का जाम, पश्चिमी यूपी में हाई अलर्ट

Sun, 21 Feb 2016 05:43 AM IST
Updated Sun, 21 Feb 2016 05:43 AM IST
विज्ञापन
jat reservation agitation create high alert in uttar pradesh

जाट आंदोलन के दौरान हरियाणा में हुई हिंसा से यूपी पुलिस भी टेंशन में आ गई है। पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद ने पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया है। जाट बहुल पश्चिमी यूपी को हाईअलर्ट किया गया है। आगरा जोन में सबसे ज्यादा चौकसी मथुरा में रखी जा रही है। सर्किट हाउस में शनिवार दोपहर आगरा जोन की अपराध समीक्षा के बाद उन्होंने मीडिया से कहा कि हरियाणा में हिंसा की जानकारी मिलते ही प्रदेश में आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

विज्ञापन


पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जाट संगठनों के नेताओं के संपर्क में रहें। अगर कहीं हंगामा प्रदर्शन किया जाता है, तो रास्ता जाम न हो पाए। रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बताया कि जाट बहुल जिलों में खास तौर से चौकसी रखी जा रही है। इसके अलावा प्रदेश में बढ़ते सांप्रदायिक झगड़ों के सवाल पर उन्होंने कहा कि माहौल बिगाड़ने वाले लोग सांप्रदायिक गुंडों के रूप में चिह्नित किए जाएंगे। उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


प्रदेश भर में आज चक्का जाम करेंगे जाट
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फनगर गांव सोरम की ऐतिहासिक चौपाल पर आयोजित पंचायत में सर्वखाप के चौधरी हरियाणा सरकार पर जमकर बरसे। हरियाणा के मुख्यमंत्री को जाट विरोधी बताते हुए पद से हटाने की मांग की गई। साथ ही हरियाणा सरकार की दमनकारी नीति के विरोध में पूरे उत्तर प्रदेश में रविवार को दोपहर 11 बजे से एक बजे तक चक्का जाम का ऐलान किया गया। सभी खाप चौधरियों ने केंद्र सरकार से मामले में हस्तक्षेप कर आरक्षण के मुद्दे पर कोई ठोस निर्णय लेने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन


गांव सोरम की चौपाल पर शनिवार को जाट आरक्षण के मुद्दे पर बुलाई गई आपातकालीन पंचायत में बालियान खाप के चौधरी एवं भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार हरियाणा में चल रही दमनात्मक कार्रवाई को तुरंत बंद कराए। सरकार इस मुद्दे पर आपस में बैठकर बातचीत कर आरक्षण के मुद्दे को हल करें। यदि आरक्षण इतना ही खराब है तो सभी के लिए खत्म कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार में बैठे जिम्मेदार लोग अनर्गल बयान देकर माहौल खराब कर रहे हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि हरियाणा में आरक्षण के आंदोलन में मारे गए मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिया जाए। साथ ही मृतकों को शहीद का दर्जा दिया जाए। भाकियू अध्यक्ष ने कहा कि वह तो सभी बिरादरी की हिमायत करते हैं, परंतु अब चुप नहीं रहा जा सकता। उन्होंने युवा पीढ़ी से सहयोग की अपील करते हुए रविवार को 11 बजे से एक बजे तक पूरे प्रदेश में सड़क मार्ग जाम करने का आह्वान किया।

पंचायत में बत्तीसा खाप के चौधरी बाबा सूरजमल ने कहा कि जाट आरक्षण के मुद्दे पर सभी खापों के चौधरी हरियाणा में हो रही सरकार की दमनात्मक कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। जटराना खाप के चौधरी अजय जटराना ने भी युवाओं से आह्वान किया कि वे आरक्षण के आंदोलन में साहस व हिम्मत का परिचय देते हुए सहयोग करें। मलिक खाप के चौधरी राजेंद्र सिंह मलिक ने  कहा कि वे पूरी खाप के साथ जाट आरक्षण के मुद्दे पर साथ हैं। सभी खाप चौधरी आपस में बैठकर जो निर्णय लेंगे, उसी का पालन कर आंदोलन में भाग लिया जाएगा।

पंचायत में जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने कहा कि हरियाणा सरकार पूरे प्रदेश में जातपात की दीवार खड़ी कर आपस में लड़ाने का काम कर रही है। केंद्र सरकार आरक्षण के मुद्दे पर हस्तक्षेप कर जाटों को आरक्षण दिलाने का काम करें। पंचायत को भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत, अशोक बालियान, अथर चौधरी, कारी मो. हसन, सर्व खाप मंत्री सुभाष बालियान, सुधीर तालियान, अंकित बेनीवाल, उपेंद्र चौधरी, राजबीर सिंह मुंडेट, राजबीर सिंह तहलीर, धर्मवीर सिंह पंवार, विकास पंवार, अजीत राठी, धर्मवीर बालियान आदि ने संबोधित किया। इस दौरान लाटियान, बत्तीसा, देशवाल, अहलावत, जटराना, राठी, पंवार, तालियान, बेनीवाल, मलिक, बालियान आदि खापों के चौधरियों ने भाग लिया। अध्यक्षता ब्रहमसिंह टीकरी और संचालन धर्मेंद्र मलिक ने किया। पंचायत में मुख्य रूप से मनोज, सतेंद्र प्रधान, कर्णवीर सिंह प्रधान, विपिन, शकील, तेजपाल, सतबीर, राजपाल, सम्राट, रामपाल, राजेंद्र, कारी मौ. हसन बालियान, बालेंद्र, धर्मपाल सिंह गोयला, मनोज आदि मौजूद रहे।

सरकार की खिलाफत, बालियान की तारीफ
सर्वखाप पंचायत में एक ओर जहां हरियाणा और केंद्र सरकार पर वक्ताओं ने आरोप-प्रत्यारोप लगाए, वहीं भाजपा के ही सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान की वक्ताओं ने तारीफ की। पंचायत में हरियाणा के मुख्यमंत्री के साथ हरियाणा कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी के बयानों की जमकर निंदा की गई।

पूर्व विधायक राजपाल और यशपाल मलिक में नोकझोंक
सोरम की चौपाल पर आयोजित पंचायत में पंचायत के अंतिम दौर में पहुंचे पूर्व विधायक राजपाल बालियान को भाकियू सुप्रीमो नरेश टिकैत के भाषण के बाद बोलने का मौका दिया गया। पूर्व विधायक जब आरक्षण के मुद्दे पर अपना भाषण दे रहे थे तो जाट आरक्षण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने उनका विरोध किया, जिससे उन्हें भाषण बीच में ही रोकना पड़ा। इसी दौरान यशपाल मलिक व पूर्व विधायक के बीच काफी तीखी नोकझोंक हुई, जिससे पंचायत में खलल पड़ गई।

गृह मंत्री राजनाथ सिंह से वार्ता करेंगे
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बताया कि जाट आरक्षण के मुद्दे पर शनिवार शाम आठ बजे दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह व कृषि राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान के साथ वार्ता की जाएगी। वार्ता में सभी खापों के चौधरियों के अलावा जाट आरक्षण समितियों के पदाधिकारियों एवं कई बड़े जाट नेता शामिल होंगे। वार्ता का मुख्य मुद्दा हरियाणा में जाट आरक्षण बहाल करने के साथ हरियाणा के बेकाबू हालातों को देखते हुए वहां राष्ट्रपति शासन लगाया जाना रहेगा।

जाट आंदोलन से ‘बेपटरी’ हुआ रेलवे

jat reservation agitation create high alert in uttar pradesh

हरियाणा में चल रहे जाट आंदोलन ने रेल यातायात को खासा प्रभावित किया है। तीन दिन से हरियाणा होकर जाने वाली दर्जनभर से अधिक ट्रेनों को रद्द किया जा चुका है। शनिवार और रविवार को भी नौ रेलगाड़ियों को रद्द किया गया।

शनिवार को गाड़ी संख्या 18508 अमृतसर-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 11078 जम्मूतवी-पुण झेलम एक्सप्रेस, वैष्णो धाम कटरा से चलने वाली गाड़ी संख्या 16032 वैष्णोधाम कटरा-चेन्नई एक्सप्रेस रद्द कर दी गईं।

रविवार को अमृतसर से चलने वाली गाड़ी संख्या 12718 अमृतसर-नांदेड़ सचखंड एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12926 अमृतसर-बांद्रा टर्मिनस पश्चिम एक्सप्रेस, 11058 अमृतसर-छत्रपति शिवाजी टर्मिनस एक्सप्रेस, 12920 अमृतसर-जम्मू तवी मालवा एक्सप्रेस, 12478 जम्मूतवी-अहमदाबाद सचखंड एक्सप्रेस, 19024 फिरोजपुर से चलने वाली फिरोजपुर-बांद्रा जनता एक्सप्रेस रद्द रहेंगी।

इसके अलावा दिल्ली से आने वाली गाड़ियां घंटों देरी से चल रही हैं। इसके कारण शनिवार को आगरा कैंट, आगरा फोर्ट और राजामंडी स्टेशनों पर यात्रियों की खासी भीड़ रही। कई गाड़ियों के रद्द होने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जाट आंदोलन से संकट में ‘यूपी की रसोई’

jat reservation agitation create high alert in uttar pradesh

हरियाणा में शुरू हुए जाट आंदोलन ने पश्चिम यूपी के लिए रोटी का संकट खड़ा कर दिया है। आंदोलन के चलते यूपी की फ्लोर मिलों के लिए गेहूं की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। कई मिलें तो गेहूं न होने के चलते बंद होने के कगार पर हैं। मिल मालिकों का कहना है कि यही हालात रहे रोटी का बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा। रसोई के प्रमुख आधार आटा, मैदा और सूजी की कीमत बढ़ने का अनुमान है।

बाजार की मांग को पूरा करने के लिए इस समय भारतीय खाद्य निगम खुला बाजार बिक्री योजना के तहत गेहूं की बिक्री कर रहा है। ऐसे में पश्चिम यूपी की अधिकांश फ्लोर मिल हरियाणा के गोदामों से गेहूं खरीद रही हैं। बीते दिनों शुरू हुए जाट आंदोलन के चलते हरियाणा में हिसार, झज्जर सहित कई इलाकों में यातायात पूरी तरह ठप है। इसके चलते यूपी में मिलों के लिए आने वाले गेहूं के वाहन भी आंदोलन में फंसे हैं।
 
फ्लोर मिल संचालक प्रतुल अग्रवाल ‘अलंकार’ ने बताया उन्होंने इस बार टेंडर हरियाणा के हिसार जिले से लिया था। उनके वाहन आंदोलन में फंस गए है। इसके चलते मिलें बंद होने के कगार पर आ गई हैं। मिल सुपरवाइजर भी आंदोलन में फंसे है। मिल संचालक संदीप बंसल ने बताया कि उनके पास भी कम स्टॉक बचा है। अगर कुछ दिन और यही हालात रहे तो मिल बंद करने के अलावा कोई और रास्ता नहीं होगा।
 
वहीं अगर आंदोलन जल्द समाप्त नहीं हुआ तो बाजार में मांग और सप्लाई के बीच की खाई और चौड़ी हो जाएगी। इसका सीधा असर गेहूं से बने उत्पाद आटा, मैदा और सूजी की कीमतों पर पड़ेगा। सीजन का आखिरी समय होने के चलते इस समय मंडियों में आवक भी लगभग नगण्य चल रही है।  

हरियाणा से गेहूं खरीद इसलिए
कारोबारी सूत्रों के अनुसार भारतीय खाद्य निगम की खुले बाजार बिक्री योजना में जो रेट दर्शाए जा रहे हैं, उसमें हरियाणा में 1550 रुपये का रेट और दो प्रतिशत केंद्रीय कर अदायगी है। यूपी में रेट 1680 के करीब है और इस पर 6.5 प्रतिशत कर की अदायगी है। यही कारण है कि पश्चिम यूपी के अधिकांश मिल संचालक हरियाणा से ही गेहूं मंगा रहे हैं।

जाट आरक्षण के लिए चक्का जाम आज

jat reservation agitation create high alert in uttar pradesh

चौगामा क्षेत्र में जाट आरक्षण को लेकर जगह-जगह पंचायतों के आयोजन किए गए। इनमें हरियाणा में आरक्षण की मांग कर रहे जाटों को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए रविवार को चक्का जाम करने का निर्णय लिया गया।

कस्बे में राजेंद्र चौधरी के आवास पर आयोजित पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि हरियाणा में आरक्षण को लेकर शांति पूर्ण रूप से आंदोलन कर रहे जाटों पर सरकार ने गोलियां चलवाकर ठीक नहीं किया। उप्र का किसान भी उनके साथ है। निर्णय लिया गया कि रविवार को पूरे बागपत जनपद में चक्का जाम किया जाएगा। सुबह 11 बजे से बावली, किशनपुर बराल, ककड़ीपुर, पुसार, दाहा, भड़ल, बड़ौत आदि जगहों पर जाट बिरादरी के लोग सड़कों पर बैठ जाएंगे और चक्का जाम कर देंगे।

पंचायत की अध्यक्षता ओमप्रकाश पंवार और संचालन रामछैल ने  किया। राजपाल शास्त्री, नरेंद्र राठी, राजेंद्र चौधरी, ऋषिपाल, धर्मेंद्र प्रधान, बिजेंद्र प्रधान, सत्यवीर राठी, सुधीर मुखिया, धीर सिंह, मोनू आदि शामिल रहे। उध, बामनौली गांव में जाट आरक्षण को लेकर नरेश डायरेक्टर के आवास पर पंचायत हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि रविवार को बामनौली गांव में बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर चक्का जाम किया जाएगा।

जाट आरक्षण बचाओ महा आंदोलन के राष्ट्रीय संयोजक धर्मवीर सिंह चौधरी भी आएंगे। अरविंद चौधरी, कुलदीप तोमर, वीरेश प्रधान, रामकुमार, बलजोर,  सुभाष, सोमपाल उपस्थित रहे। नंगला कनवाड़ा में मांगेराम प्रधान के आवास पर जाट आरक्षण को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। इसमें हरियाणा के जाटों को पूर्ण समर्थन देते हुए आंदोलन में कूदने का निर्णय लिया गया। इसमें  संजीव राणा, मांगेराम प्रधान आदि शामिल रहे। उप्र किसान खेत मजदूर कांग्रेस  के प्रदेश संयोजक चौधरी ओमकार सिंह ने कहा कि जाट आरक्षण लेकर रहेंगे। जाट बिरादरी बंदूक से नहीं दबने वाली।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed