जशोदाबेन को मिल सकती है मोदी के समान सुरक्षा
नरेंद्र मोदी और जशोदाबेन भले ही दशकों से एक छत के नीचे नहीं रह रहे हों, लेकिन मोदी के प्रधानमंत्री बनते ही जशोदाबेन को भी उनके समान ही सुरक्षा घेरा मिल सकता है।
गौरतलब है कि मोदी आज को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं।
सुरक्षा सचिव और मध्य प्रदेश के डीजीपी रह चुके सुभाष चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि एसपीजी नियम के अनुसार 62 वर्षीय जशोदाबेन पूरी तरह से एसपीजी सुरक्षा पाने की हकदार हैं।
मोदी के पीएम बनते ही मिलेगी सुरक्षा
नरेंद्र मोदी के पीएम बनते ही उन्हें यह सुरक्षा मिल जाएगी। त्रिपाठी ने कहा कि एसपीजी एक्ट में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि प्रधानमंत्री के साथ ही उनके परिवार के सदस्यों को भी यह एसपीजी सुरक्षा दी जाएगी।
साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री और उनके परिवार को पीएम पद छोड़ने के बाद 10 साल तक एसपीजी सुरक्षा दी जाती है।
उन्होंने कहा कि मोदी के साथ एक छत के नीचे नहीं रहने के बावजूद जशोदाबेन एसपीजी सुरक्षा पाने की हकदार हैं। गौरतलब है कि त्रिपाठी प्रधानमंत्री इंद्रकुमार गुलजार के कार्यकाल में सुरक्षा सचिव थे।