जैन तीर्थयात्रियों को परोसा मांसाहार, दो लोग सस्पेंड
एअर इण्डिया विवादों के घेरे से बाहर आता नहीं दिख रहा है। कभी कॉकपिट में पायलट्स का झगड़ा तो कभी बिरयानी में छिपकली को लेकर विवाद।
हाल का मामला भी कुछ ऐसा ही है। इस बार लेह से दिल्ली आ रही फ्लाइट में जैन तीर्थयात्रियों को मांसाहारी भोजन के पैकेट दे दिए गए जबकि उन्होंने अपने खाने के लिए 'हिन्दू भोजन' चुना था।
यात्रियों के शिकायत के बाद दो कैटरिंग स्टाफ को एअर इण्डिया ने सस्पेंड कर दिया है। जैन यात्री सिंधु दर्शन फेस्टिवल से लौट रहे थे।
मांगी गई सफाई
मेल टुडे की रिपोर्ट के अनुसार यह घटना एअर इंडिया के चार्टर्ड फ्लाइट में हुई है। 182 सीटों वाली फ्लाट में 122 यात्री जैन तीर्थ यात्री थे, जो 23 से 26 जून तक किसी खास फेस्टिवल में गए थे।
एअर इंडिया के एक अधिकारी ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर बताया कि वापसी के टिकट के दाम 24 हजार से लेकर 26 हजार रुपए तक थे जिसके बदले में बेहतर सेवा की उम्मीद की जाती है।
लेकिन ऐसा न कर पाना वाकई शर्मिंदगी की बात है। एअर इंडिया के निदेशक ए के जैन ने बताया कि इस मामले के संबंध में दो लोगों को सस्पेड किया जा चुका है और इनसे लिखित में सफाई मांगी गई है।