'पेशाब पीने को किया जाता था मजबूर'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बसपा सांसद धनंजय की नौकरानी के हत्या के मामले में नए और रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे हो रहे हैं।
अस्पताल में भर्ती दूसरी नौकरानी मीना ने मजिस्ट्रेट के सामने कहा कि सांसद का तीन वर्ष का बेटा अगर पेशाब करते वक्त रो जाता था, तो जो नौकर या नौकरानी उसे पेशाब कराने ले गया है, उसे पेशाब पीने पर मजबूर किया जाता था।
वहीं नाबालिग नौकर के बयान पर चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने जो एफआईआर दर्ज की है उसका एक-एक पन्ना क्रूरता की कहानी से रंगा है।
नाबालिग ने कहा है कि ठीक से खाना नहीं बनाने पर जागृति ने राखी की झाडू़ से पिटाई करके बाल काट दिए थे। एक बार राखी को इतना मारा गया था कि डंडा ही टूट गया।
इन तथ्यों से सांसद दंपति की मुश्किलें और बढ़ती दिख रही हैं। पुलिस सांसद के खिलाफ आईपीसी की धारा 120बी यानी हत्या के षड्यंत्र में शामिल होने की और जागृति पर पोक्सो व यौन शोषण की धराएं लगाने पर विचार कर रही है।
नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त एसबीएस त्यागी ने बताया कि इस पर फिलहाल कानूनी सलाह ली जा रही है।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नौकरानी मीना ने अपने बयानों में कहा है कि सांसद भी मारपीट करते थे, हालांकि वह क्रूर तरीके से नहीं मारते थे। सिर्फ हाथापाई करते थे।
सांसद को ये जानकारी थी कि डॉ. जागृति मारपीट करती है, मगर उन्होंने कभी जागृति को रोकने का प्रयास नहीं किया। मीना ने ये भी कहा है कि कई बार ऐसा लगता था कि सांसद भी अपनी पत्नी से डरते थे।
पुलिस सांसद पर 120बी लगाने पर इसलिए भी विचार कर रही है क्योंकि कई सवाल अनसुलझे हैं और उन पर शक पैदा करते हैं, जैसे सांसद ने सीसीटीवी क्यों हटाए, मीना को उसके रिश्तेदारों के पास क्यों भेजा।
उन्होंने जौनपुर से ही पुलिस को जानकारी क्यों नही दी? बहरहाल इस घटना में एक खास बात ये भी है कि चार दिन बीतने के बाद अभी तक नौकरानी राखी के शव के पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल बोर्ड नहीं बन सका है। हालांकि पुलिस का कहना है कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम होगा।
थाने में ही तू-तू मैं-मैं
सांसद धनंजय सिंह व उनकी पत्नी जागृति का झगड़ा चाणक्यपुरी थाने में भी जारी है। नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सांसद दंपति से बृहस्पतिवार को आमने-सामने बैठाकर करीब चार घंटे पूछताछ की गई। इस दौरान दोनों आपस में झगड़ते रहे।