{"_id":"39bbf7da-75d4-11e2-8deb-d4ae52bc57c2","slug":"italian-chopper-deal-bjp-criticise-sonia-and-manmohan","type":"story","status":"publish","title_hn":"हेलीकॉप्टर सौदे को भाजपा ने कहा दूसरा 'बोफोर्स'","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
हेलीकॉप्टर सौदे को भाजपा ने कहा दूसरा 'बोफोर्स'
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Wed, 13 Feb 2013 09:50 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वीवीआईपी हेलीकॉप्टर अगस्ता वेस्टलैंड सौदे में घूस की जांच सीबीआई को सौंपे जाने के बावजूद देश में सियासी तूफान तेज हो गया है।
विज्ञापन
पूर्व वायुसेना अध्यक्ष एयर मार्शल एसपी त्यागी पर इस सौदे में रिश्वत लेने का संगीन आरोप सामने आने के बाद सरकार ही नहीं शीर्ष रक्षा और सैन्य महकमे के लिए इस राजनीतिक तूफान को थामना मुश्किल हो गया है। त्यागी पर लगे गंभीर आरोपों को हथियार बनाते हुए विपक्ष ने यूपीए सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर सीधा हमला बोल दिया है।
मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा ने हेलीकॉप्टर सौदे को दूसरा बोफोर्स कांड बताते हुए सरकार से इसमें करीब चार सौ करोड़ रुपए की दलाली खाने वालों के नाम का खुलासा करने की मांग कर दी है। वहीं माकापा ने भी हमलावर रुख अपनाते हुए कहा है कि इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की देखरेख में की जानी चाहिए। यूपीए पर गहराते दबाव को देखते हुए सरकार ने घूसखोरी साबित होने पर इस डील को रद्द करने की घोषणा कर दी है।
विज्ञापन
रक्षामंत्री एके एंटनी ने एसपी त्यागी के हेलीकॉप्टर सौदे में रिश्वत लेने की बात इटली की अदालत में चल रहे मुकदमे में सामने आने से मचे हड़कंप के बाद कहा कि सीबीआई जांच में घूसखोरी साबित होने पर डील रद्द होगी। इस डील में रिश्वत देने के आरोपों में गिरफ्तार फिनमैकानिका कंपनी के सीईओ गियूसेप्पे ओरसी पर इटली की अदालत में दाखिल आरोपों में एयर चीफ मार्शल त्यागी का नाम सामने आया है। यह मामला इसीलिए भी बेहद गंभीर और संगीन है कि पहली बार सीधे-सीधे किसी सैन्य प्रमुख पर रक्षा सौदे में दलाली का आरोप लगा है।
विज्ञापन
इटली की अदालत में मीडिया रिपोर्ट के हवाले से कहा गया है कि वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर बेचने के लिए फिनमैकानिका ने कुल सौदे का दस फीसदी रिश्वत दिया। रिश्वत लेने वालों में त्यागी के नाम का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि इसकी एवज में टेंडर नियम प्रक्रिया में बदलाव किया गया।
इसके तहत 18000 फीट की उंचाई तक उड़ान भरने की शर्त को घटाकर 15000 फीट किया गया। ताकि वेस्टलैंड हेलीकाप्टर इस डील के टेंडर में शामिल हो सके। इस डील में पूर्व वायुसेना प्रमुख के तीन करीबी रिश्तेदारों जूली त्यागी, डॉकसा त्यागी और संदीप त्यागी के बिचौलिए की भूमिका निभाने की बात भी सामने आई है। कहा गया है कि इसके लिए ओरसी ने एक अमेरिका में जन्मे गुइडो राल्फ हैश नाम के दलाल की सेवाएं ली और इनके जरिए त्यागी के रिश्तेदारों को रिश्वत की रकम दी गई।
क्या बिना जांच किसी को भी फांसी दे दें: कांग्रेस
भाजपा द्वारा वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदों को दूसरा बोफोर्स कहने से खीझी कांग्रेस ने कहा है यदि हमारी जगह एनडीए की सरकार होती तो क्या करती? क्या किसी को भी बिना जांच के फांसी पर लटका देगी? विवाद के बीच कांग्रेस ने कहा कि रक्षा मंत्री ने सौदे की सीबीआई जांच के आदेश दे दिए हैं। इस बात का स्वागत होना चाहिए। विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह इस मामले में सरकार के पक्ष में उतरे। खुर्शीद ने कहा कि सरकार कानून के अनुसार काम करेगी न कि विपक्ष की इच्छा के अनुसार।
वहीं दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि इस सौदे को तथ्यों की अलग रोशनी में देखा जाना चाहिए। अव्वल तो अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टरों की खरीद की प्रक्रिया एनडीए सरकार के कार्यकाल में हुई थी। दूसरे उस समय अपने सेक्टर में ये सर्वश्रेष्ठ हेलीकॉप्टर थे। तीसरे इनकी कीमत अपने सेक्टर के हेलीकॉप्टरों के सेक्टर में बेहद प्रतिस्पर्द्धी थी।
उन्होंने कहा कि इटली सरकार को जैसे ही इस सौदे में घूस की खबर मिली उसने कदम उठाए। भारत सरकार ने भी तत्काल सीबीआई जांच की घोषणा की। अब इससे ज्यादा क्या कदम उठाया जा सकता है? बिना जांच के न तो किसी को दोषी ठहराया जा सकता है और न फांसी दी जा सकती है।