ISIS की टीशर्ट पहन हाथ में लिया पाकिस्तानी झंडा
धनबाद पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया जिस पर आईएसआईएस को समर्थन देने वाली टीशर्ट पहनने का और पाकिस्तानी झंडा हाथ में लेकर घूमने का आरोप है। इसके साथ पुलिस ने दो अन्य युवकों को भी हिरासत में लिया है।
झारिया के इंदिरानगर इलाके के रहने वाले साकिद रशीद को मुहर्रम के दौरान सोमवार को हिरासत में लिया गया। डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक बुधवार को अमित कुमार ने बताया कि,"उस वक्त तक कुछ नहीं कहा जा सकता जब तक मामले की जांच पूरी ना हो जाए।"
उन्होंने बताया कि,"हम इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं और उन लोगों की पहचान कर रहे हैं जो शहर की फिजा को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।" झारिया पुलिस स्टेशन के इंचार्ज विष्णु रजक ने बताया कि,"ये लोग मुहर्रम में हिस्सा ले रहे थे।"
पाकिस्तान की टीशर्ट पहनी, मामला दर्ज
इससे पहले यूपी के कुशीनगर से भी एक ऐसा मामला सामने आया है जहां के कल्याण छापर गांव में मोहर्रम के ताजिया जुलूस में कुछ युवक पाकिस्तान क्रिकेट टीम की जैसी ड्रेस पहनकर लाठी-डंडे से करतब दिखा रहे थे।
इस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले तो युवकों के कपड़े बदलवाए और बाद में जब मामला ने तूल पकड़ा तो युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस ने 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा-153 बी के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले ने सियासी रंग लेना भी शुरू कर दिया है। घटना पर विरोध-प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया है।