आईएस आतंकी की बीवी ने आगरा में करवाया था ऑपरेशन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में पकड़े गए इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) के संदिग्ध आतंकी मोहसिन इकबाल सैयद की पत्नी ने ब्रेन ट्यूमर का ऑपरेशन आगरा में कराया था।
सैयद से पूछताछ में इसकी जानकारी मिलने पर स्पेशल सेल की दो सदस्यीय टीम गुरुवार को आगरा पहुंची और पांच न्यूरो सर्जन एवं न्यूरो फिजिशियन से पूछताछ की। टीम अपने साथ आतंकी की बीवी का फोटो लाई थी।
बताया जा रहा है कि उसका मायका मथुरा में है। खुफिया एजेंसियों के सूत्रों ने बताया कि टीम ने भगवान टाकीज और सिकंदरा क्षेत्र के अस्पतालों में पूछताछ की है। इसके पीछे स्पेशल सेल का मकसद यह मालूम करना है कि मोहसिन ने जानकारी सही दी है या गलत।
अगर सही पाई जाती है तो मालूम किया जाएगा कि उसकी पत्नी का ऑपेरशन कराने के लिए उसके साथ कौन आया था? मोहसिन ने अस्पताल का नाम नहीं बताया है। सिर्फ इतनी जानकारी दी है कि अस्पताल एनएच-2 पर है।
यूपी में हैं उसके कई साथी
सूत्रों का यह भी कहना है कि मोहसिन कई बार मुजफ्फरनगर, लखनऊ और जयपुर गया था। पश्चिमी यूपी में उसके कई साथी बताए जा रहे हैं।
ये लोग सीरिया में बैठे आईएस के हैंडलर साफी अरमार उर्फ युसुफ के सीधे संपर्क में हैं। उत्तराखंड में पकड़े गए आईएस के मॉड्यूल से भी मोहसिन के तार जुड़े मिले हैं। हालांकि स्पेशल सेल ने अपनी कार्रवाई के बारे में आगरा पुलिस को जानकारी नहीं दी है।
एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है। उधर, जिन डाक्टरों से स्पेशल सेल ने पूछताछ की, उनमें से एक ने बताया कि टीम ने एक महिला का फोटो ले रखा था। उसके बारे में मालूम किया जा रहा था कि उसका ऑपरेशन इस अस्पताल में किया गया या नहीं।