इंटरनेट से ISIS कर रहा है आतंकी भर्ती
इराक में चल रहे आंतरिक विवाद में महज भारत के ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के युवा मुस्लिम इस्लाम के नाम पर कूद पडे़ हैं। लेकिन मुंबई के बाहरी इलाके के चार युवाओं के इराक जाने की इस घटना ने भारत को हिलाकर रख दिया।
इन युवाओं से इराक के आतंकी संगठन आईएसआईएस (इस्लामिक स्टेट इन इराक एंड सीरिया) ने इंटरनेट के जरिये संपर्क किया था, जो भारत के लिए बेहद हैरानी भरा है।
आईएसआईएस ने इंटरनेट के जरिये की थीं भर्तियां
ऐसा भी नहीं था कि ये युवा अशिक्षित हों और बेहद गरीब परिवारों से हों। शिक्षित और मध्यवर्गीय परिवारों से आने वाले ये युवा मई के आखिर में अचानक अपने घरों से गायब हो गए। इन सभी ने अपने पीछे एक नोट लिख छोड़ा था कि वे इस्लाम को बचाने के लिए निकले हैं।
इस मामले की जांच करने वाले अधिकारियों का कहना है कि इनकी भर्तियां आईएसआईएस ने इंटरनेट के जरिये की थीं। मगर हैरानी वाली बात यह है कि आतंकी संगठनों में इस तरह की भर्तियां पश्चिम में या मध्य पूर्व में भले ही चलन में हों मगर भारत के लिए यह अपवाद ही है।
जांच ऐजेंसियों के भी सिर चकराए
क्योंकि ऐसी भर्ती प्रक्रिया यहां के लिए बिल्कुल नई बात है। कल्याण मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी देवेन भारती ने कहा,‘यह घटना हम सभी के लिए बड़ा झटका है।
दरअसल यह एक तरह से वैश्विक लड़ाई में शामिल होने की कोशिश है, जो कि बेहद नई चीज है।’ उन्होंने कहा कि मामले में हम काफी ऐहतियात बरत रहे हैं। हमने गायब लड़कों के बारे में अपनी सभी इकाइयों को सतर्क कर दिया है।
ISIS के टी-शर्ट्स पहन युवा खिंचवा रहे फोटो
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में कश्मीर में आईएसआईएस के बैनर और बिल्ले लगाए कुछ युवा नजर आए थे, जिनके बारे में अधिकारियों ने संज्ञान लिया।
वहीं, तमिलनाडु के अधिकारियों ने रविवार को सोशल मीडिया पर आईएसआईएस के टी-शर्ट्स पहने युवाओं के एक बडे़ समूह की तस्वीरें पोस्ट करने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है।