IS और तालिबान ने दी श्री श्री को मारने की धमकी
आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर को जिहादी आतंकियों ने जान से मारने की धमकी दी है। आर्ट आफ लीविंग के प्रमुख को यह धमकी मध्य पूर्व के आतंकी संगठन आईएसआईएस और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (पाक तालिबान) ने दी है।
धमकी के बाद सुरक्षा को लेकर चिंतित केंद्र सरकार ने सभी राज्य सरकारों से श्री श्री की सुरक्षा में इजाफा करने को कहा है। केंद्र ने कहा कि श्री श्री जिस राज्य में जाएं, वहां की सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करे।
इस वर्ष मार्च में मलयेशिया यात्रा के दौरान आध्यात्मिक गुरू को आईएसआईएस ने जान से मारने की धमकी दी थी। जिस जेन होटल में श्री श्री ठहरे थे, उसके मैनेजर को लिखे खत में आईएसआईएस ने कहा कि अगर वह देश में हिंदू गतिविधियों को अंजाम देगा कि होटल को जमींदोज कर दिया जाएगा और उसकी (मैनेजर की) भी हत्या कर दी जाएगी।
'इस्लामी मामलों में दखल देते हैं श्री श्री'
इस धमकी भरे खत में कहा गया था कि श्री श्री रविशंकर खुद को गैर धार्मिक करार देते हैं, लेकिन उनका संगठन इराक और ईरान में मुसलमानों का धर्म परिवर्तन कराता रहा है। यह इस्लामी मामलों में दखल है।
गृह मंत्रालय ने कहा कि आर्ट ऑफ लीविंग के इस्लामाबाद स्थित सेंटर को कथित तौर पर तालिबान द्वारा आग के हवाले कर दिया गया था और आतंकी संगठन ने श्री श्री की हत्या की धमकी दी है।
इन दो बातों का जिक्र करते हुए ही गृह मंत्रालय ने 23 जून को सभी राज्यों से श्री श्री की सुरक्षा बढ़ाने को कहा। श्री श्री ने वर्ष 2012 में पाकिस्तान का दौरा कर इस्लामाबाद के बाहरी इलाके में आर्ट ऑफ लीविंग के कार्यालय का उद्घाटन किया था।