आईएसआईएस एजेंट कोलकाता से गिरफ्तार
कोलकाता पुलिस के विशेष कार्य बल 'एसटीएफ' ने शहर के मध्य हिस्से से एक व्यक्ति को पाकिस्तान की आईएसआई के साथ उसके कथित संबंध को लेकर गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध आईएसआई एजेंट अख्तर खान :51: उर्फ मोहम्मद जावेद उर्फ राजू को जोरासांको थानाक्षेत्र में सीआर एवेन्यू के समीप कालूटोला से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा, ‘हमें सूचना मिली कि शहर में एक व्यक्ति जासूसी कर रहा है और हमने उसे आज शाम गिरफ्तार किया।’अधिकारी ने बताया कि अख्तर के पास से कई दस्तावेज, 1,72,500 रुपए मूल्य के जाली भारतीय मुद्रा नोट जब्त किए गए हैं। वह शहर के एक बार में काम करता था।
पाकिस्तानी हो सकता है अख्तर
जब उनसे पूछा गया कि क्या गिरफ्तार व्यक्ति पाकिस्तानी नागरिक है या यहीं का रहने वाला है तो उन्होंने कहा, ‘वह पाकिस्तानी हो सकता है लेकिन अब भी जांच चल ही रही है। हम उसके दस्तावेजों को खंगाल रहे हैं।’
एटीएफ के शीर्ष सूत्र के अनुसार यह भी हो सकता है कि अख्तर 80 के दशक में भागकर पाकिस्तान गया हो ओर वहां प्रशिक्षण हासिल कर फिर भारत 2008 में भारत लौट आया हो।
एसटीएफ अधिकारी ने कहा, ‘वैसे स्पष्ट नहीं है लेकिन 2008 से अख्तर भारत के विभिन्न राज्यों की यात्रा करता रहा है। कई बार, वह बांग्लादेश भी जा चुका है।’अख्तर पर भादसं की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।