{"_id":"8e88641a-4456-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"irfan-pathan-in-support-of-narendra-modi","type":"story","status":"publish","title_hn":"मोदी के लिए ‘बॉलिंग’ करने उतरे इरफान पठान","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
मोदी के लिए ‘बॉलिंग’ करने उतरे इरफान पठान
अहमदाबाद/इंदुशेखर पंचोली
Updated Wed, 12 Dec 2012 10:36 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्रिकेटर इरफान पठान ने बुधवार को खेड़ा में मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में ‘बॉलिंग’ करने के लिए उतरकर सबको चौंका दिया है। मोदी की मुसलमान विरोधी छवि के चलते इरफान का उनके साथ मंच साझा करना न कांग्रेस को भाया और न बीसीसीआई को ही पसंद आया है। गुजरात के मुख्यमंत्री के लिए क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू पहले ही ‘सिक्सर’ लगा रहे हैं। ऐसे में इरफान को साथ लाकर मोदी नौजवानों को अहम संदेश देने में कामयाब रहे।
विज्ञापन
वडोदरा के रहने वाले इरफान खेड़ा की चुनावी सभा में मोदी की बगल वाली कुर्सी पर नजर आए, तो एकाएक किसी को भरोसा ही नहीं हुआ। इरफान ने मोदी के साथ हाथ लहराकर खचाखच भरे सभास्थल पर सभी का अभिवादन किया।
विज्ञापन
अल्पसंख्यक आदिवासी बहुल मध्य गुजरात के खेड़ा में मुख्यमंत्री के साथ इरफान की मौजूदगी को मोदी विरोधियों को जवाब माना जा रहा है। खेड़ा में हालांकि वोटिंग दूसरे चरण में होगी लेकिन इरफान को साथ लेने का फायदा मोदी को गुरुवार को होने जा रहे पहले दौर के मतदान में भी मिल सकता है।
विज्ञापन
खास बात यह है कि पूर्व क्रिकेटर सिद्धू पहले से प्रचार में जुटे हुए हैं। हाल में, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए गुजरात के पूर्व उपमुख्यमंत्री नरहरि अमीन का भी क्रिकेट से गहरा नाता है। वे लंबे अरसे तक गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के कर्ताधर्ता और बोर्ड ऑफ क्रिकेट कंट्रोल ऑफ इंडिया (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष भी रहे हैं।
उन्होंने अपना टिकट कट जाने पर जब कांग्रेस के लिए प्रचार न करने का ऐलान किया था, तो कांग्रेस नेतृत्व ने बीसीसीई के मौजूदा उपाध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला को ही उन्हें मनाने भेजा था।
....इसलिए बीसीसीआई खफा
इरफान के मोदी के पक्ष में उतरने से बीसीसीआई ने नाराजगी जाहिर की है। हालांकि इरफान कर्नाटक के खिलाफ रणजी मैच खेलते वक्त घायल हो गए थे। इसी वजह से भारत-इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में भी शामिल नहीं हो पाए थे। लेकिन, केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला की बीसीसीआई में सक्रियता के चलते बोर्ड इरफान से नाराज हो गया है। इरफान के एक नजदीकी और भाजपाई सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है।
इरफान के पक्ष में उतरे कीर्ति आजाद
पूर्व क्रिकेटर और भाजपा सांसद कीर्ति आजाद ने इरफान के कदम को सही ठहराया है। उन्होंने नई दिल्ली में कहा कि यह किसी भी खिलाड़ी का निजी फैसला है कि वह किसका प्रचार करे। उन्होंने मिसाल दी कि मेरे पिता तो कांग्रेस सरकार के मंत्री थे और मैं उनके साथ जाता था।
ऐश्वर्या भी कर गईं मोदी की तारीफ
इससे पहले, वडोदरा में एक निजी कार्यक्रम में आईं बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय भी मोदी सरकार और उनके विकास मॉडल की तारीफ कर गई हैं। खास बात यह है कि उनके ससुर और फिल्म स्टार अमिताभ बच्चन गुजरात टूरिज्म के ब्रांड एंबेसडर हैं और सास जया बच्चन उत्तर प्रदेश से सपा की राज्यसभा सांसद हैं। अपने लोगों की मोदी से नजदीकी से सपा नेतृत्व इतना खफा रहता है कि पेशे से पत्रकार और पार्टी प्रवक्ता को महज इसीलिए बाहर का रास्ता दिखा दिया था कि उन्होंने मोदी का इंटरव्यू लिया था।