मुंबई से गायब युवकों पर एजेंसियां सतर्क
क्या मुंबई से सटे कल्याण के चार युवा जेहाद के लिए इराक निकल चुके हैं? क्या चारों युवक इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) के साथ इराक में कत्लेआम कर रहे हैं?
केंद्रीय एजेंसियां, पुलिस और एटीएस कुछ ऐसे ही सवालों की तलाश में हैं। साथ ही अंतरराष्ट्रीय आतंकी गतिविधियों की सक्रियता को देखते हुए मुंबई में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
ऐसी सूचना है कि कल्याण के आरिफ फय्याज माजिद, फहद तनवीर मकबूल शेख, अमन नईम तांडेल और शाहिम फारूक तानकी नामक चार युवा आईएसआईएस में शामिल होकर इराक में रक्तपात मचा रहे हैं। चारों युवकों की उम्र 20 साल के आसपास बताई गई है।
आशंका है कि चारों युवा इंटरनेट के जरिए आईएसआईएस के संपर्क में आए और इराक जाने के लिए आईएसआईएस ने फंडिंग भी की। चारों युवा 22 लोगों के समूह में धार्मिक यात्रा पर इराक गए और वहां ग्रुप से अलग होकर आईएसआईएस में शामिल हो गए।
जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
इन चारों के खिलाफ कल्याण के बाजारपेठ थाने में 25, 26 और 27 मई को गायब होने का मामला दर्ज किया गया है। फय्याज माजिद के पिता एजाज का कहना है कि उनका बेटा इराक जाने से पहले एक पत्र छोड़ गया था, जिसमें उसने लिखा था कि हम लोग जेहाद के लिए निकल चुके हैं, आप हमें खोजने की कोशिश मत करना। अब हमारी मुलाकात जन्नत में होगी।
फय्याज माजिद के इसी पत्र ने कोहराम मचा दिया है। फय्याज माजिद के पिता एजाज बदरुद्दीन माजिद मुंबई में डॉक्टर हैं और पूरा माजिद परिवार सदमे में है। वे गृहमंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मिलना चाहते हैं।
महाराष्ट्र के गृहमंत्री आरआर पाटिल ने कहा है कि केंद्रीय एजेंसी और एटीएस संयुक्त रूप से यह जांच कर रही है कि सुशिक्षित युवा कहां हैं। अपर पुलिस आयुक्त शरद शेलार ने बताया कि युवक आईएसआईएस जैसे खतरनाक संगठन के संपर्क में कैसे आए, इसकी जांच भी जारी है।
चौकन्नी हुई मुंबई पुलिस
मुंबई पुलिस भी चौकन्नी हो गई हैं, उसे आशंका है कि मुंबई व आसपास के इलाके में अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी नेटवर्क सक्रिय है।
रमजान का महीना है और लोग एक जगह इकट्ठा होते हैं। ऐसे में आतंकवादी नेटवर्क युवाओं को बरगलाने की कोशिश कर सकता है। मुंबई में कुछ अनहोनी भी हो सकती है।
इसके मद्देनजर मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया ने सभी पुलिस थानों को चेतावनी जारी की है। लेकिन सवाल उठता है कि आखिरकार पुलिस ढाई महीने तक कहां थी?
उद्धव ने की सख्त कदम उठाने की मांग
आईएसआईएस में मुंबई के चार युवाओं के शामिल होने की खबरों को गंभीरता से लेते हुए शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र सरकार से उचित कदम उठाने की मांग की है।
उन्होंने कहा, "अखबार में जो खबर छपी है, वह काफी गंभीर मामला है और राज्य सरकार को इस संबंध में उचित कार्रवाई करनी चाहिए। सरकार इशरत जहां मामले में भी चुप रही थी। क्या राज्य सरकार कम से कम इस मामले में समय रहते कदम उठाएगी?"