पश्चिमी यूपी में तलाशे जा रहे हैं तीन आतंकी
देवबंद में तीन आतंकियों छुपे होने के खुलासे के बाद सक्रिय हुई सुरक्षा और जांच एजेंसियां को दूसरे दिन आतंकियों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली। सर्च अभियान चलाने के नाम पर पुलिस और खुफिया एजेंसी के अधिकारी महज हवा में तीर चला रहे हैं।
इंडियन मुजाहिदीन के आतंकी एजाज शेख की गिरफ्तारी और देवबंद में तीन आतंकियों छुपे होने के खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने देवबंद में पैनी नजरें गड़ाई हुईं हैं।
पुलिस की टीम और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी संदिग्ध लोगों की जानकारी लेने के साथ ही संदिग्ध स्थानों को खंगालने में जुटे हुए हैं। हालांकि दूसरे दिन आतंकियों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
आतंकी एजाज की गिरफ्तारी के बाद कार्रवाई
उधर, अधिकारी फिलहाल हवा में तीर चला कर तलाश में जुटे हैं। उन्हें आतंकियों के किसी हुलिए तक की जानकारी नहीं है। उसके बावजूद सर्च अभियान चल रहा है।
एक अधिकारी का कहना है कि आतंकियों के संबंध में उनके पास अभी तक लिखित में कोई दस्तावेज नहीं पहुंचा। मीडिया से मिल रही खबरें के आधार पर ही वह आतंकियों की तलाश में जुटे हैं।
रविवार को भी खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने किराये पर लेकर रहे बाहरी लोगों से पूछताछ करते हुए उनके पहचान पत्रों की जांच की थी। जांच में सब सही मिले था।