खुली BJP की पोल, 'मोदी लहर' हो सकती है बेअसर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा-अंतरकलह ने संघ और भाजपा नेताओं की चिंता में इजाफा कर दिया है। पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के चुनाव क्षेत्र से मिले फीडबैक तो माथे पर बल डालने वाले हैं।
पता चला है कि देहात के कार्यकर्ता अभी घरों से निकले ही नहीं हैं। वहीं, कुछ बाहर से ऐसे भी नेता मोदी के प्रचार के लिए काशी आ गए हैं जो क्षेत्र में जाने की बजाए तारांकित होटलों में अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इसकी शिकायत यूपी प्रभारी अमित शाह से की गई है।
संघ और भाजपा के बड़े नेता भी वाराणसी और आसपास की सीटों पर अंतरकलह को लेकर चिंतित हैं। तीन दिन से मोदी के चुनाव क्षेत्र में भूमिहार मतदाताओं के बीच जा रहे पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सीपी ठाकुर के सामने कार्यकर्ताओं की एकजुटता की पोल खुल गई।
क्या मोदी फैक्टर असर डाल पाएगा?
सेवापुरी और रोहनिया विधानसभा क्षेत्रों में जो फीडबैक मिला वह चिंता बढ़ाने वाला है। रामपुर, महावन गांवों में ठाकुर के पहुंचने पर भाजपा के मंडल स्तर के पदाधिकारी तक नदारद थे। ठठरा गांव में प्रधान ने जब सुना कि मोदी के प्रचार के लिए पूर्वमंत्री आए हैं तब उन्होंने अपने घर पर ही बैठक कराई।
इसी तरह शाहंशाहपुर गांव में भी भाजपा के पदाधिकारी नदारद थे। वहां भी प्रधान ने ही सहयोग किया। आराजीलाइन ब्लाक में राजातालाब के पास मिल्कीचक गांव में ग्रास रूट कार्यकर्ताओं ने तो शिकायतों की झड़ी लगा दी। नाराज कार्यकर्ताओं का कहना था कि न तो संसाधन मिल रहा है और न तो कोई पूछ ही रहा है। अब जरा सोचिए कि अगर भीतर का सच यही है तो मोदी फैक्टर कितना असर डाल पाएगा?
सीपी ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि वे उनकी पीड़ा को पार्टी आलाकमान तक पहुंचाएंगे। केंद्रीय चुनाव कार्यालय पहुंचने पर उन्होंने चुनाव प्रबंधन देखने वाले पदाधिकारियों के अलावा अमित शाह को भी इन हालातों से अवगत कराया। आठवें और नौवें चरण के चुनाव में सात मई को 15 और 12 मई को 18 सीटों पर वोट पड़ेंगे। अन्य जगहों पर भी यही हाल रहा तो इन दोनों चरणों की कुल 33 सीटों पर मोदी का जादू कितना चल पाएगा, कहना जल्दबाजी होगी।
मोदी के प्रचार के नाम पर ‘मौज’
दिल्ली से नरेंद्र मोदी के प्रचार के लिए काशी आए एक नेता जी के बारे में गंभीर शिकायतें मिली हैं। उन्हें संगठन ने यहां कार और होटल की सुविधा भी दी है।
काशिराज परिवार के प्रवास वाले रामनगर इलाके की जिम्मेदारी उनको सौंपी गई है लेकिन उनके बारे में शिकायत है कि वे क्षेत्र में जाकर काम करने की बजाए होटल में ही ऐश कर रहे हैं।
वाराणसी लोकसभा क्षेत्र के पालक अजय सिंह ने बताया कि दिल्ली के नेता जी के बारे में प्रचार के नाम पर बुक होटल में जन्मदिन का जश्न मनाने की मिली शिकायत की जांच की जा रही है। उन्हें मोदी के चुनाव क्षेत्र से तत्काल हटाने के लिए कह दिया गया है।