मोबाइल टीम के जरिए इराक में खोजे जा रहे हैं भारतीय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इराक में लगातार बढ़ती हिंसा के बीच भारत ने अपने नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने का अभियान जोर-शोर से शुरू कर दिया है।
इस कड़ी में सोमवार को सुरक्षित क्षेत्रों में रह रहे 90 भारतीयों को स्वदेश वापस भेजा गया। जबकि 31 लोग टिकट की व्यवस्था होते ही स्वदेश लौट आएंगे। मोबाइल टीम के जरिए भारतीयों को इराक में खोजा जा रहा है।
इस बीच बगदाद स्थित भारतीय दूतावास ने अपने नजफ, बसरा और करबला स्थित कैंप ऑफिस के सहयोग से 260 लोगों के आव्रजन संबंधी कागजात तैयार कर लिए हैं। दूतावास की योजना रविवार तक कम से कम 600 लोगों को सुरक्षित भारत भेजने की है।
एक हफ्ते में 600 की घर वापसी की योजना
हिंसा के और उग्र होने से पहले ही अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए दूतावास की मोबाइल टीम ने उन कंपनियों के दरवाजों पर दस्तक देना शुरू कर दिया है, जहां एक भी भारतीय कार्यरत हैं।
वीजा करार सुलझाने के लिए जहां दूतावास इराकी सरकार के साथ मिलकर बनाई गई संयुक्त समिति से मदद ले रही है, वहीं दूसरे जरूरी सहयोग के लिए पड़ोसी देशों से भेजे गए 24 राजनयिक दूतावास की मदद कर रहे हैं।
इस बीच दूतावास के अधिकारियों ने स्थानीय सरकार की मदद से उन 6 नागरिकों की रिहाई में सफलता हासिल की है जो बसरा में विभिन्न आरोपों में न्यायिक हिरासत में थे। दूतावास के अधिकारियों ने इसके लिए स्थानीय जज से संपर्क साधा था।
मोबाइल टीम चला रही अभियान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयर अकबरुद्दीन ने घर वापसी अभियान शुरू करने की जानकारी देते हुए बताया, "फिलहाल नजफ से 60, कर्बला से 30 और बगदाद से 4 लोगों को स्वदेश रवाना कर दिया गया है। नजफ से 31 लोग और बगदाद से 8 लोग मंगलवार को भारत के लिए रवाना होंगे।"
उन्होंने आगे बताया, "इस क्रम में 260 लोगों के कागजात दुरुस्त कर लिए गए हैं, जिन्हें टिकट मिलते ही भारत रवाना किया जाएगा। जबकि दूतावास की योजना इस हफ्ते कम से कम 600 लोगों को हर हाल में स्वदेश भेजने की है।"
प्रवक्ता ने बताया, "दूतावास अपने कैंप हाउस में लोगों को जल्द स्वदेश जाने का लगातार निर्देश दे रहा है। इसके लिए मोबाइल टीम कई शहरों में उन कंपनियों को खंगाल रही हैं, जहां भारतीय नागरिक कार्यरत हैं।"