{"_id":"2120ae0f6de3d6d9c3608f66ee479f23","slug":"ink-thorwn-on-revenue-minister-of-maharastra-hindi-news-sy","type":"story","status":"publish","title_hn":"महाराष्ट्र: राजस्व मंत्री पर फेंकी गई स्याही","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
महाराष्ट्र: राजस्व मंत्री पर फेंकी गई स्याही
ब्यूरो/अमर उजाला, मुंबई
Updated Sat, 23 Aug 2014 09:02 PM IST
विज्ञापन
महाराष्ट्र में मंत्रियों पर स्याही फेंकने का सिलसिला चल पड़ा है। पहले राज्य के संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन पाटिल और फिर शनिवार को महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात पर स्याही फेंकी गई। थोरात पर भी स्याही फेंकने वाला धनगर समाज से ही है लेकिन वह शिवसेना का कार्यकर्ता भी है।
विज्ञापन
अहमदनगर के संगमनेर में हुई इस घटना के बाद स्याही फेंकने वाले को पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया जबकि मंत्री के समर्थकों ने स्थानीय शिवसेना कार्यालय पर तोड़फोड़ कर अपना आक्रोश जाहिर किया।
विज्ञापन
राजस्व मंत्री थोरात संगमनेर स्थित राजापुर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए थे। इसी दौरान भाऊसाहेब हसे नामक कार्यकर्ता ने उन पर स्याही फेंक दी।
हसे ने लोकसभा चुनाव से पूर्व शिवसेना से कांग्रेस में शामिल हुए तत्कालीन सांसद भाऊसाहेब वाघचौरे पर भी शिवसैनिकों के साथ हमला किया था।
महाराष्ट्र में धनगर समाज अपने को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहा है। उनकी मांग है कि जिस तरह से उड़ीसा और मध्य प्रदेश में धनगर समाज को अनुसूचित जनजाति का दर्जा हासिल है। उसी तरह महाराष्ट्र में भी धनगर समाज को अनुसूचित जाति में शामिल किया जाए।
विज्ञापन
इस मांग को लेकर धनगर समिति ने आंदोलन शुरू किया है। मांग नहीं माने जाने से नाराज धनगर समिति के कार्यकर्ता ने पहले महाराष्ट्र के संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन पाटिल को निशाना बनाया उसके बाद राजस्व मंत्री पर स्याही फेंककर विरोध जताया। बालासाहेब थोरात ने स्याही फेंकने की घटना को राजनीतिक स्टंट बताया है।