अरुणाचल सीमा पर मिले भारत-चीन, उठाए बड़े कदम
अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में बुमला के पास भारत और चीन के सैनिकों के बीच आधिकारिक बैठक हुई। इसमें दोनों देश वास्तविक नियंत्रण रेखा पर शांति बनाए रखने और संबंध सुधारने पर सहमत दिखे।
यह बैठक चीन के राष्ट्रीय दिवस पर हुई थी। भारतीय प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई तवांग ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर डीएस कुशवाहा ने की।
चीनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर्नल तैंग फू चेंग कर रहे थे। बैठक में दोनों देशों के राष्ट्रीय ध्वज फहराए गए और दोनों प्रतिनिधिमंडल के नेताओं ने आधिकारिक रूप से अपनी बात रखी।
दोनों देशों की संस्कृति की दिखी झलक
इसके बाद एक कार्यक्रम भी हुआ, जिसमें भारत और चीन की संस्कृति देखने को मिली। रक्षा सूत्रों के मुताबिक यह बैठक बहुत ही दोस्ताना माहौल में हुई।
दोनों देशों के सैनिक ऐसे समय में एक साथ बैठे हैं, जब हाल में ही लद्दाख में सीमा पर तनाव बढ़ गया था। उल्लेखनीय है कि चीन की कोशिश रहती है कि भारत-चीन सीमा पर किसी तरह भारतीय हिस्से पर कब्जा कर लें।
इसके लिए समय-समय पर भारतीय क्षेत्र में तंबू लगा देता है। इस कारण दोनों के बीच तनाव बना रहता है।