विप्रो पर भारतीय महिला ने दर्ज कराया यौन प्रताड़ना का मुकदमा
आईटी की दिग्गज कंपनी विप्रो के लंदन कार्यालय की कर्मचारी भारतीय महिला ने कंपनी के ही खिलाफ यौन प्रताड़ना, असमान वेतन देने और अनुचित तरीके से बर्खास्त करने को लेकर मुकदमा दायर किया है।
भारतीय महिला ने इस मुकदमे में करीब नौ करोड़ 95 लाख पांच हजार 124 रुपये (10 लाख पाउंड) की क्षतिपूर्ति की मांग की है। वहीं, विप्रो ने मुकदमे को लेकर टिप्पणी करने से इनकार किया है।
साथ ही कंपनी ने बयान जारी कर सफाई दी है। भारतीय कंपनी विप्रो का मुख्यालय बंगलूरू में स्थित है।
महिला ने कंपनी पर लगाए संगीन आरोप
39 वर्षीय महिला का आरोप है कि उसके साथ हिंसक और महिला विरोधी बर्ताव किया गया। इसके अलावा उस पर कंपनी के ब्रिटेन डिवीजन के शादीशुदा बॉस (कंपनी के वरिष्ठ वाइस प्रेसिडेंट) के साथ अवैध संबंध बनाने के लिए दबाव डाला गया।
इस सप्ताह महिला ने लंदन के रोजगार न्यायाधिकरण को बताया कि उसके बॉस बुरा बर्ताव करते हुए उसको भारतीय पौराणिक कथाओं की सम्मोहक नर्तकी कह कर बुलाते थे।
इतना ही नहीं, अगर कोई महिला किसी दूसरी महिला का समर्थन करती है, तो उसे समलैंगिक बुलाया जाता है। भारतीय महिला का कहना है कि पुरुष कर्मचारियों की तुलना में उसे कम तनख्वाह भी दी जाती थी।