चीन को पीछे छोड़ भारत बनेगा नंबर 1, पर नहीं होगा खुश
जनसंख्या वृद्घि दर में बढ़ोतरी के आधार पर भारत वर्ष 2028 तक जनसंख्या के मामले में पड़ोसी देश चीन को पीछे छोड़ देगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को राज्यसभा में बताया कि विश्व जनसंख्या संभावना- 2012 (संशोधित) के अनुसार वर्ष 2028 तक भारत की जनसंख्या चीन की जनसंख्या को पार कर जाएगी।
नड्डा ने सदन में कहा कि सरकार की ओर से जनसंख्या नियंत्रण के लिए किए जा रहे उपाय अप्रभावी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों के कारण ही 1991-2000 दशक में 21.54 फीसदी की जनसंख्या वृद्घि दर 2001-11 में कम होकर 17.64 फीसदी हो गई है।
1991 में 3.6 फीसदी की कुल प्रजनन दर 2013 में कम होकर 2.3 फीसदी पर आ गई है। नड्डा ने कहा कि 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने 2.1 और इससे कम की कुल प्रजनन दर हासिल कर ली है।