छोटा राजन से मिले भारतीय अधिकारी, आधे घंटे की पूछताछ
इंडोनेशिया में भारत के राजनयिक ने बाली में छोटा राजन से मुलाकात की। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार इंडोनेशिया के जकार्ता स्थित भारतीय दूतावास में प्रथम सचिव संजीव कुमार अग्रवाल ने छोटा राजन से आधे घंटे तक मुलाकात की।
55 साल के छोटा राजन पिछले रविवार से इंडोनेशिया पुलिस की हिरासत में हैं। छोटा राजन की गिरफ्तारी के बारे में इंडोनेशिया की पुलिस ने दो दिन पहले एक रिपोर्ट भारतीय दूतावास को सौंपी थी जिसके बाद ये मुलाकात हुई।
बाली एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी के वक्त छोटा राजन के पास भारतीय पासपोर्ट था जिसपर उनका नाम मोहन कुमार दर्ज था। इंडोनेशिया में भारतीय राजदूत गुरजीत सिंह ने शुक्रवार को बताया कि राजन के प्रत्यर्पण से जुड़ी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राजन ने इंडोनेशिया में एक वकील फ्रांसिस्को प्रैस्सर को भी रखा है।
दाऊद का करीबी हुआ करता था राजन
मुंबई में पैदा हुए छोटा राजन का असली नाम राजेन्द्र सदाशिव निखलजे है और एक समय में वह 1993 बम ब्लास्ट में 'वॉन्टेड' दाऊद इब्राहिम का करीबी हुआ करता था।पुलिस उनसे इंडोनेशिया में पहचान की पुष्टि और भारत में आपराधिक मामलों के बारे में पूछताछ कर रही है।
राजन पर हत्या, स्मगलिंग से लेकर वसूली और ड्रग तस्करी के 75 मामले दर्ज हैं। इन 75 में से चार मामले टाडा, एक मामला पोटा और 20 मामले मकोका कानून के तहत दर्ज हैं।करीब दो दशक से कानून को चकमा दे रहे राजन को इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर गिरफ्तार किया गया।