अब तक सामने नहीं आई जंग की तस्वीरें हो सकती है सार्वजनिक
अब तक सार्वजनिक नहीं हुई 1962 के भारत पाकिस्तान युद्घ से लेकर कारगिल की जंग से जुड़ी तमाम तस्वीरें और वीडियो जनता के लिए प्रदर्शित हो सकती है। केंद्र सरकार ने इस दिशा में पहल की है।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय के फिल्म विभाग ने सेना से इस संबंध में गुजारिश की है। फिल्म विभाग ने सेना से अपील की है कि वे उसे इन युद्घों से जुड़े वीडियो की कॉपी सौंप दें। विभाग इसे जनता के लिए प्रदर्शन करेगा।
विभाग ने सेना को तर्क दिया है कि आज की युवा पीढ़ी भी जाने कि हमारे देश की सेना ने उस समय कैसे अपनी जान देकर युद्घ में फतह हासिल की। सेना ने भी फिल्म विभाग के इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख जाहिर किया है। देश में अब तक 1962 में चीन,1965 पाकिस्तान, 1971 में बांग्लादेश को लेकर युद्घ हुए। 1999 में भी भारत ने कारगिल युद्घ के तौर पर पाकिस्तान से युद्घ देखा। इस साल 1965 के युद्घ की जयंती भी मनाई जा रही है।
सरकार चाहती है कि इन युद्घों को लेकर जुड़ी तस्वीरों और वीडियो को सजोया जाए। इसका प्रदर्शन आम जनता के लिए किया जाए। सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री राज्यवर्धन राठौर की पहल पर फिल्म विभाग ने सेना के सामने प्रस्ताव पेश किया है।
सेना के जवाब का इंतजार
सेना ने हालांकि अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि सेना इस प्रस्ताव को लेकर सकारात्मक है और जल्द ही इस संबंध में परिणाम सामने आ सकते हैं।
फिल्म विभाग के सूत्रों का कहना है कि अगर सेना ये रिकॉर्ड विभाग को देती है तो वे इसे वृत्तचित्र के तौर पर पेश करेगी। फिल्म विभाग लंबे समय से पुरानी फिल्मों के रिकॉर्ड को संभालने की कोशिश कर रहा है।
भारतीय फिल्म के 50 साल के इतिहास को फिल्म विभाग संभाल कर रख रहा है। आलम आरा समेत कई पुरानी फिल्मों को संभाल कर जनता के सामने पेश किया गया है। इस कड़ी में अब विभाग भारत की ओर से सामना किए गए सभी युद्घों के वीडियो और फोटो रिकॉर्ड को संजोने की बात की गई है।