भारत की पाक को दो टूक, हाफिज है क्रूर हत्यारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुंबई बम धमाकों के मास्टर माइंड हाफिज सईद के बचाव में उतरे पाकिस्तान पर भारत ने तीखी भाषा में पलटवार किया है।
भारत ने सईद को क्रूर हत्यारा बताते हुए पाकिस्तान पर मुंबई बम धमाका मामले में ठोस कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही भारत ने दोनों देशों के बीच बेहतर रिश्ते के लिए सईद के प्रत्यर्पण की भी मांग की है।
इससे पहले बासित ने मुंबई हमला मामले में भारत की ओर से ठोस सबूत न देने का आरोप लगाते हुए कहा था कि पाकिस्तान अपने पड़ोसी को खुश करने के लिए अपने नागरिक को फांसी पर नहीं लटका सकता।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने कहा कि भले ही हाफिज पाकिस्तान का नागरिक है और वह उसे निर्दोष मानता है। मगर जहां तक भारत की राय की बात है तो वह उसे मुंबई बम धमाके का मास्टर माइंड और क्रूर हत्यारा के साथ-साथ आतंकवादी मानता है।
हाफिज को पाकिस्तान की क्लीन चिट
प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने पाकिस्तान पर मुंबई बम धमाका मामले में कार्रवाई के साथ-साथ सईद के प्रत्यर्पण की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को पता है कि मुंबई बम धमाके की न केवल साजिश पाकिस्तान में रची गई, बल्कि इस हमले में शामिल लोग भी वहीं के थे। इन आतंकवादियों को पाकिस्तानी सेना ने प्रशिक्षित भी किया था।
बता दें कि 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद को पाकिस्तान ने अपराधी मानने से ही इनकार करते हुए क्लीन चिट दे दी है। पाकिस्तान का कहना है कि उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं है, इसलिए पाकिस्तान में वह कहीं भी आने-जाने के लिए स्वतंत्र है।
हाल ही में हाफिज सईद को एलओसी के पास पाक सेना के साथ घूमते देखा गया था, इस संबंध में भारत में पाकिस्तानी उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने कहा, "जहां तक पाकिस्तान का संबंध है, तो हाफिज सईद एक स्वतंत्र नागरिक है। अदालतों ने पहले ही उसे बरी कर दिया है। उसके खिलाफ कोई भी मामला लंबित नहीं है। इसलिए वह कहीं भी आने-जाने के लिए स्वतंत्र है।"
2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले में 166 लोग मारे गए थे। अमेरिका भी सईद को आतंकी घोषित कर चुका है।