फ्रांस के राष्ट्रपति ने पठानकोट पर भारत के रुख का समर्थन किया
अपनी तीन दिवसीय भारत की यात्रा पर आ रहे फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने पठानकोट में हुए आतंकी हमले पर पाकिस्तान से कार्रवाई के लिए पूछने को पूरी तरह से 'न्यायपूर्ण' बताया है। गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि के तौर पर रविवार को ओलांद भारत आ रहे हैं।
ओलांद ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी कूटनीति में मजबूत इरादों और भावनाओं की झलक साफ दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि फ्रांस और भारत आतंकवाद से निपटने के अपने संकल्प पर दृढ़ता से कायम हैं।
गौरतलब है कि पठानकोट एयरफोर्स बेस पर हुए आतंकी हमले में भारतीय सेना के सात जवान शहीद हो गए थे। ये हमला जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने किया था। इस हमले को भारतीय सुरक्षा बलों ने तो नाकाम कर दिया लेकिन इसके बाद पाकिस्तान के मंसूबों पर सवाल उठने लगे।
राफेल डील सही ट्रैक पर
ओलांद ने फ्रांस से खरीदे जाने वाले रॉफेल लड़ाकू विमानों की डील को सही ट्रैक पर होने की भी बात कही। उन्होंने कहा 'भारत-फ्रांस के बीच 36 रॉफेल विमानों को खरीदने की सही दिशा में है। हालांकि, कुछ तकनीकी खामियों की वजह से इसमें कुछ देरी हो सकती है।'
ओलांद रविवार को अपनी तीन दिनों की भारत यात्रा के पहले दिन चंडीगढ़ पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री खुद उनका स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे पर मौजूद रहेंगे। ओलांद हवाई अड्डे से विश्व प्रसिद्ध रॉक गार्डेन देखने भी जाएंगे।
उनके इस दौरे के मद्देनजर चंडीगढ़ की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। पूर शहर के चप्चे-चप्पे पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।