भागवत ने फिर कहा, हिंदू राष्ट्र है हिंदुस्तान
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने एक बार फिर एक विवादित बयान में कहा है कि हिंदुस्तान एक हिंदू राष्ट्र है... हिंदुत्व इसकी पहचान है और हिंदू धर्म अन्य धर्मों को खुद समाहित कर सकता है।
पिछले सप्ताह भागवत ने कटक में कहा था कि सभी भारतीयों की सांस्कृतिक पहचान हिंदुत्व है और वर्तमान में देश में रहने वाले सभी लोग इस महान संस्कृति के वंशज हैं।
उन्होंने कहा था कि अगर इंग्लैंड में रहने वाले इंग्लिश, जर्मनी में रहने वाले जर्मन और अमेरिका में रहने वाले अमेरिकी हो सकते हैं तो हिंदुस्तान में रहने वाले हिंदू क्यों नहीं हो सकते।
दिग्विजय ने बयान की कड़ी आलोचना की
कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर विश्व हिंदू परिषद के एक कार्यक्रम में भागवत ने कहा कि अगले पांच साल में परिषद का लक्ष्य देश में रहने वाले हिंदुओं में समानता सुनिश्चित करवाना है।
उन्होंने कहा कि सभी हिंदुओं के लिए एक स्थान पर पीने के पानी, एक जगह पर पूजा और निधन के बाद एक ही जगह पर अंतिम संस्कार की व्यवस्था होनी चाहिए।
वहीं, कांग्रेस महासिचव दिग्विजय सिंह ने भागवत के बयान की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने भागवत से पूछा है कि क्या भारत में रहने वाले सभी धर्मों के लोग हिंदू हैं।