कस्तूरी को भारत वापस ले आई सरकार:सुषमा
सऊदी अरब में जिस महिला का हाथ काट दिया गया था वह शनिवार को भारत लौट रही हैं। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया है कि सरकार ने कस्तूरी मणिरत्नम की वापसी की व्यवस्था की है।
स्वराज ने कहा कि कस्तूरी शनिवार को चेन्नई पहुंच रही हैं। तमिलनाडु के वेल्लोर की रहने वाली कस्तूरी करीब चार महीने पहले सऊदी अरब गई थीं।
खबरों के मुताबिक कस्तूरी ने अपने ऊपर हो रहे अत्याचारों से परेशान होकर 29 सिंतबर को जब भागने की कोशिश की तो मालकिन ने उनका दाहिना हाथ काट दिया। उन्हें गंभीर हालत में रियाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
कस्तूरी की होती थी पिटाई
कस्तूरी की बहन विजयाकुमारी का आरोप था कि कस्तूरी को बार-बार मारा-पीटा जाता, इस वजह से वह वहां से भागने का प्रयास कर रही थी।
स्वराज ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा था कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भारत ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए अभियुक्त के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने की मांग की है।