IS की दो वेबसाइटों और फेसबुक पेज पर सरकार ने लगाया बैन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खुफिया विभाग और पुलिस एजेंसियों की मांग पर भारतीय साइबर सुरक्षा विभाग ने इस्लामिक स्टेट (आईएस) से जुड़ी दो वेबसाइटों पर प्रतिबंध लगा दिया। इन वेबसाइटों के जरिए आईएस के विचारधारा का प्रचार किया जा रहा था। इसके अलावा आईएस का प्रचार करने वाली दो फेसबुक पेजों पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है जिसे जम्मू कश्मीर से कुछ गुमनाम लोग चला रहे थे।
आईएस के जिन दो यूआरएल पर प्रतिबंध लगाया गया है, उसमें जांच करने पर पाया गया कि उसके जरिए बम बनाने के लिए ट्रेनिंग दी जा रही थी। इन वेबसाइटों से होने वाले नुकसान और इसके प्रभाव पर चर्चा करने के लिए इंटेलिजेंस ब्यूरो, गृह मंत्रालय, जांच एजेंसियों और कंप्यूटर इमर्जिंग रिस्पांस टीम (सीईआटी) के अधिकारियों ने एक बैठक की थी जिसके बाद इन वेबसाइटों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया। खबरों के मुताबिक सरकार अब तक आतंकवादी गतिविधियों से जुड़ी करीब 55-60 वेबसाइटों पर प्रतिबंध लगा चुकी है।
आईएस के प्रभाव को रोकने की कोशिश
गौरतलब है कि दुनियाभर में आईएस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए भारत सरकार ने देश में आईएस के प्रभाव को बढ़ने से रोकने के लिए अपने खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर रखा है। बीच-बीच में ऐसी भी खबरें सामने आती रही हैं जिनमें कई भारतीयों के आईएस में शामिल होने की पुष्टि हुई है। इसमें हैदराबाद से भागकर सीरिया पहुंचे चार दोस्तों के अलावा आजमगढ़ से भागकर आईएस से जुड़ने वाले युवा शामिल हैं।
हाल के दिनों में आईएस की मौजूदगी जम्मू कश्मीर में भी दिखाई दी है जिसमें कई बार युवाओं ने पाकिस्तान के झंडे के साथ आईएस के झंडे भी लहराए हैं। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से सरकार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इसलिए सरकार आईएस के बढ़ते कदम को रोकने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है।