पीएलए डे के मौके पर दौलत बेग ओल्डी में चीन ने किया भारतीय सेना का स्वागत
अप्रैल 2013 में पूर्वी लद्दाख के दौलत बेग ओल्डी सेक्टर में भारत और चीनी सैनिकों के बीच चले तीन सप्ताह लंबे गतिरोध के बाद पहली बार पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने अपने सेना दिवस के मौके पर यहां भारतीय सैन्य प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।
इसे सीमा पर तैनात सैनिकों के स्तर पर भारत-चीन संबंधों में मील का पत्थर माना जा रहा है क्योंकि पीएलए ने पहली बार दौलत बेग ओल्डी (डीओबी) में भारतीय सैन्य दल का स्वागत किया है। इस दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर्नल बीएस उप्पल और चीनी दल का नेतृत्व कर्नल सोंग जोआनली ने किया।
उधर, पीएलए डे के मौके पर एक ऐसी ही रस्मी बार्डर पर्सनल मीटिंग (बीपीएम) पूर्वी लद्दाख के चुसूल सेक्टर के मोल्डो गैरिसन की चीनी बीपीएम शिविर में भी आयोजित की गई।
हर साल आयोजित होता है बीपीएम
इस बैठक में भारतीय दल का नेतृत्व ब्रिगेडियर जेकेएस विर्क और चीनी दल की अगुवाई सीनियर कर्नल चेन जेंग शेन ने की। ऊधमपुर
में रक्षा प्रवक्ता एसडी गोस्वामी के अनुसार, पीएलए डे के अवसर पर हर साल
चीनी सैनिक बड़े उत्साह से बीपीएम आयोजित करते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत
चीनी राष्ट्र ध्वज को सलामी देने के साथ हुई। इसके बाद दोनों
प्रतिनिधिमंडलों के अध्यक्षों ने रस्मी भाषण दिया।
यह कार्यवाही दोनों
देशों के बीच सीमा पर कार्यात्मक स्तर पर संबंध सुधारने और उसे बरकरार रखने
की आपसी इच्छा को प्रदर्शित करती है।
हुआ भव्यता का प्रदर्शन
इस दौरान जीवंत चीनी संस्कृति और
पारंपरिक भव्यता का प्रदर्शन किया गया। दोनों प्रतिनिधिमंडलों ने
मुक्त, सौहार्दपूर्ण और मैत्रीपूर्ण माहौल में बात की।
प्रतिनिधिमंडल
दोस्ती की भावना और मौजूदा सौहार्दपूर्ण संबंधों को बढ़ाने तथा वास्तविक
नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर शांति बनाए रखने की प्रतिबद्धता के साथ विदा हुए।