अलीगढ़: छेड़छाड़ पर बवाल, जमकर फायरिंग
एक दिन पहले पीपली-पींजरी चौराहे पर हुई युवती से छेड़छाड़ की घटना ने शुक्रवार को तूल पकड़ लिया। इसको लेकर पीपली कलां और सौनोंठ गांव के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर बवाल मचाया। दोनों गांवों के लोगों में जमकर फायरिंग हुई।
भीड़ ने एक बाइक को फूंक दिया वहीं बोलेरो में तोड़फोड़ कर दी। कई थानों की पुलिस और पीएसी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और लोगों को समझाबुझाकर शांत किया। फायरिंग में दो लोग घायल हुए हैं जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
गुरुवार को पीपली-पींजरी चौराहे पर एक युवती से छेड़छाड़ को लेकर गांव सौनोठ और पीपली कलां के लड़कों में विवाद हो गया था। तब लोगों ने मामले को रफा-दफा करा दिया। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे सौनोंठ के लड़कों ने पीपली कलां निवासी 14 वर्षीय अरविंद पुत्र नाहर सिंह तथा 35 वर्षीय लाखन सिंह पुत्र गेंदा सिंह को गोली मार दी।
पुलिस और पीएसी ने स्थिति को संभाला
खबर पर पीपली गांव के सैकड़ों लोग चौराहे पर पहुंच गए। दोनों ओर से फायरिंग शुरू हुई तो वहां अफरातफरी मच गई। लोग दुकानें बंद कर भाग गए। भीड़ ने मौके पर खड़ी बाइक को आग के हवाले कर दिया। वहीं सौनोठ की ओर से आ रही बोलेरो में भी पब्लिक ने तोड़फोड़ कर दी।
इस दौरान पीपली गांव के लोग सौनोंठ निवासी उस युवक के घर पहुंच गए जिससे गुरुवार को मारपीट हुई थी। पब्लिक ने घर में तोड़फोड़ की और महिलाओं से बदसलूकी भी की। सूचना पर गोंडा के थाना निरीक्षक कोमल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने लोगों को शांत करने का प्रयास किया लेकिन भीड़ शांत नहीं हो रही थी। कुछ ही देर में इगलास, लोधा, खैर थाने की फोर्स और पीएसी, एसपीआरए, सीओ, एसओजी टीम मौके पर पहुंची तब जाकर लोग वहां से भागे।
पीपली निवासी राजकुमार ने गुड्डू पुत्र गुडडू पुत्र बादाम सिंह और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक कोमल सिंह का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।