PCS की परीक्षा देने वालों के लिए काम की है ये खबर
पीसीएस-2015 प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाले तथा 2014 की मुख्य परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों को लगातार एग्जाम के लिए तैयार रहना होगा। आयोग सूत्र के अनुसार मुख्य परीक्षा-2014 का रिजल्ट भी अगले सप्ताह घोषित होने की उम्मीद है। इसकी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है।
इतना ही नहीं 23 या 24 जून से से साक्षात्कार भी संभावित है। वहीं पीसीएस-2015 की मुख्य परीक्षा 29 जून से है। ऐसे में पीसीएस-2015 मुख्य परीक्षा और पीसीएस-2014 के साक्षात्कार की तिथियों के टकराने की आशंका है। इसके अलावा दोनों भर्तियों में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के सामने इनके बीच तालमेल बैठाना भी चुनौती होगी।
उप्र लोक सेवा आयोग ने पीसीएस-2015 प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट शुक्रवार आधी रात घोषित कर दिया। खास यह कि अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए मात्र 24 दिन मिले हैं। मुख्य परीक्षा 29 जून से होगी। सफल अभ्यर्थियों को इसी दौरान मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन भी करना होगा। पर्याप्त समय नहीं मिलने से इस परीक्षा की तैयारी पहले से ही चुनौती है।
कम समय मिलने से चुनौतीपूर्ण होगी तैयारी
ऐसे में पीसीएस-2014 मुख्य परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की चिंता और बढ़ गई है। इस परीक्षा का रिजल्ट भी आगामी सप्ताह में घोषित होने की उम्मीद है। आयोग के एक अफसर के अनुसार पीसीएस-2014 साक्षात्कार, पीसीएस-2015 की मुख्य परीक्षा से पहले ही शुरू होने की उम्मीद है।
ऐसा हुआ तो बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार दोनों एक साथ देना होगा। ऐसे में कम समय मिलने से इनकी तैयारी चुनौतीपूर्ण होगी। मुख्य परीक्षा 2014 में शामिल तथा प्रारंभिक परीक्षा-2015 में सफल अरुण माथुर, दुर्गेश प्रजापति का कहना है कि दोनों परीक्षाओं के बीच अंतर होना चाहिए।
आखिर अन्य भर्तियों के रिजल्ट में देरी क्यों
उप्र लोक सेवा आयोग पीसीएस को लेकर कुछ ज्यादा तत्पर दिखाई दे रहा है। फटाफट परीक्षा और फिर रिजल्ट। इसे लेकर सवाल खडे़ हो गए हैं। खास यह कि पीसीएस की भर्तियों को लेकर विवाद है और मामला न्यायालय में है। इसके अलावा विगत दो महीने में आयोग में कई विवादित फैसले लिए गए हैं। इससे भी इस तत्परता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यह भी सवाल उठने लगा है कि आखिर अन्य भर्ती परीक्षाओं के रिजल्ट में देरी क्यों हो रही है।
पीसीएस-2015 प्रारंभिक परीक्षा के पहले पेपर की परीक्षा 10 मई को हुई थी। इसका रिजल्ट घोषित हो गया। इससे पहले समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी-2014 (आरओ-एआरओ) प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल को हुई थी। अभी तक इसकी आंसर-की भी जारी नहीं हुई। रिजल्ट कब तक आएगा कहना मुश्किल है। इसी तरह से पिछले साल नवंबर में हुई पीसीएस-2014 मुख्य परीक्षा का रिजल्ट भी अगले सप्ताह संभावित है।
इसके विपरीत आरओ-एआरओ-2013 के रिजल्ट का महीनों से इंतजार है। जबकि, इसका टाइप टेस्ट भी हो चुका है। इसी तरह से दिसंबर में हुई लोअर सबऑर्डिनेट-2013 मुख्य परीक्षा के रिजल्ट का भी इंतजार है। गौर करने वाली बात यह भी है कि पीसीएस मुख्य परीक्षा में कुल आठ पेपर होते हैं। इनमें से छह पेपर की लिखित परीक्षा होती है, जबकि, लोअर सबऑर्डिनेट और आरओ-एआरओ में सिर्फ दो प्रश्नपत्र होते हैं। इसके बावजूद इन्हीं भर्तियों के अभ्यर्थियों का इंतजार लंबा खींच रहा है। इसके अलावा भी कई भर्ती परीक्षाओं का इंतजार लंबे समय से है।